एआई से अश्लील वीडियो बनाने के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या

छह नामजद समेत अन्य पर मामला दर्ज

* मुख्य आरोपी समेत तीन संदिग्धों को लिया पुलिस ने हिरासत में
* गाडगे नगर थाना क्षेत्र के जयसियाराम नगर की मध्यरात्रि की घटना
* फरार आरोपियों की तलाश जारी, क्षेत्र में खलबली
अमरावती/दि.4 – शहर के गाडगे नगर थाना क्षेत्र के जयसियाराम नगर परिसर में एआई तकनीक से कथित अश्लील वीडियो तैयार कर व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित करने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. इस विवाद में 26 वर्षीय प्रज्वल सुनील खरे की कुछ युवकों ने चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू करते हुए क्राईम ब्रांच के दल ने 2 आरोपियों को रात को ही गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मुख्य सूत्रधार को गुरुवार 4 जून को सुबह गाडगे नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. रात को गिरफ्तार किये गये दो आरोपियों के नाम जयसियाराम नगर निवासी मनोज राजू पाचेकर (23) और मांडवा झोपडपट्टी निवासी सचिन छदामीलाल गुजर (22) है. जबकि मारी उर्फ आदित्य भडके (22) सचिन गवई (27) है, जबकि आज गिरफ्तार किये गये मुख्य आरोपी का नाम आदित्य उर्फ मारी प्रमोद भडके (22) है और दो अन्य साथी फरार है, उनकी सरगर्मी से तलाश पुलिस कर रही है.
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 2 जून की रात घूमने के दौरान एक युवती ने अपनी सहेली को बताया कि उसका कथित न्यूड वीडियो तैयार कर वॉट्सएप ग्रुप में प्रसारित किया जा रहा है. अगले दिन इस संबंध में संबंधित परिवार को जानकारी दी गई और पुलिस में शिकायत करने की बात कही गई. 3 जून की रात जब युवतियां टहल रही थीं, तब उनकी मुलाकात नवीन नामक युवक से हुई. इस दौरान कथित वीडियो को लेकर पूछताछ की गई. विवाद बढ़ने पर युवती ने अपने चचेरे भाई प्रज्वल खरे को मौके पर बुलाया. शिकायत के अनुसार, प्रज्वल खरे ने संबंधित युवकों से वीडियो के बारे में पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
आरोप है कि कुछ देर बाद कई युवक एकत्र हो गए और उन्होंने प्रज्वल खरे तथा उसके मित्र अक्षय पावड़े के साथ मारपीट की. इसी दौरान मारी उर्फ आदित्य भड़के नामक युवक कथित रूप से वहां पहुंचे और उन्होंने चाकू निकालकर प्रज्वल खरे के पेट में वार कर दिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल प्रज्वल खरे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विवाद की जड़ एआई के माध्यम से तैयार किया गया कथित अश्लील वीडियो था, जिसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर नवीन गवई, मनोज राजू पाचेकर, सचिन गुजर, मारी उर्फ आदित्य भड़के सहित अन्य तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी. घटनास्थल पर गाडगे नगर पुलिस का दल समेत क्राईम ब्रांच का दल व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर जायजा किया. फॉरेंसिक दल को भी घटनास्थल बुलाया गया. घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण है तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है.
* जिला अस्पताल में कुछ देर तनाव
प्रज्वल खरे को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में लाने की जानकारी परिसर के नागरिक व रिश्तेदारों को मिलने के बाद जिला अस्पताल में बुधवार 3 जून की रात 11.30 बजे के दौरान भारी भीड जमा हो गई. डॉक्टरों द्वारा जख्मी को मृत घोषित करने पर कुछ देर के लिए तनाव निर्माण हो गया था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस का दल जिला अस्पताल पहुंच गया और उन्होंने स्थिति को काबू में कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी. आज गुरुवार 4 जून को मृतक का पोस्टमार्टम कर दोपहर में परिजनों को सौंप दिया गया. इस अवसर पर पुलिस का तगडा बंदोबस्त तैनात था.
* मुख्य सूत्रधार धरा गया
प्रज्वल सुनील खरे की हत्या के बाद फरार हुए आरोपियों की गाडगे नगर और क्राईम ब्रांच पुलिस ने सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी. देर रात को ही क्राईम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व वाले दल ने जयसियाराम नगर निवासी मनोज राजू पाचेकर (23) और मांडवा झोपडपट्टी निवासी सचिन छदामीलाल गुजर (22) को गिरफ्तार कर लिया. जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी थी. गाडगे नगर के थानेदार गोरखनाथ जाधव के नेतृत्व वाले दल ने डीबी स्क्वॉड की सहायता से मुख्य सूत्रधार जयसियाराम नगर निवासी आदित्य उर्फ मारी प्रमोद भडके (22) को गुरुवार 4 जून को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलाश पुंडकर के मार्गदर्शन में गाडगे नगर पुलिस मामले की आगे जांच कर रहे हैं.

Back to top button