मतदान से पहले ही महायुति ने की जबर्दस्त ‘ओपनिंग’
विधान परिषद की 17 में से 5 सीटों पर चुनाव निर्विरोध

* पांचों सीटों पर महायुति के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
* निर्वाचितों में भाजपा के अरूण लखानी, राकांपा के विक्रम काकडे व अनिल तटकरे तथा शिवसेना के रविन्द्र फाटक व दुष्यंत चतुर्वेदी का समावेश
* शेष 12 सीटों पर महायुति व मविआ के बीच सीधा मुकाबला
* अमरावती में त्रिकोणीय संघर्ष, नासिक में दराडे और गीते आमने-सामने
* नामांकन वापसी के अंतिम दिन पूरे राज्य में चली राजनीतिक उठापटक
* कई बागियों ने ठोकी ताल, कुछ ने पीछे खींचे कदम, अब चुनाव पर टिकी सभी की निगाहें
मुंबई/ दि. 4 – महाराष्ट्र विधान परिषद की स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्रों की 17 सीटों के लिए चल रही चुनाव प्रक्रिया में नामांकन वापसी के अंतिम दिन बड़े राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिले. राज्यभर में महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच राजनीतिक रणनीति, बागियों को मनाने के प्रयास और उम्मीदवारों की नाम वापसी के कारण चुनावी तस्वीर लगभग स्पष्ट हो गई है. राज्य की 17 सीटों में से 5 सीटें निर्विरोध हो गई हैं, जिसमें महायुति में जबर्दस्त सफलता हासिल करते हुए शानदार ‘ओपनिंग’ की है. जबकि अब शेष 12 सीटों पर सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला होगा. कई स्थानों पर महायुति और महाविकास आघाड़ी आमने-सामने हैं, तो कुछ सीटों पर बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने मुकाबले को रोचक बना दिया है. नामांकन वापसी के दिन महायुति को अपने अधिकांश बागियों को मनाने में सफलता मिली, जबकि महाविकास आघाड़ी को कुछ स्थानों पर उम्मीदवारों की वापसी से झटका लगा. इसके चलते कई सीटों पर मुकाबले का स्वरूप बदल गया. नामांकन वापसी के बाद पांच उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित हुए हैं. इनमें वर्धा-चंद्रपुर-गड़चिरोली से भाजपा के अरुण लखानी, पुणे से राष्ट्रवादी कांग्रेस के विक्रम काकड़े, ठाणे से शिवसेना के रवींद्र फाटक, रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से राष्ट्रवादी कांग्रेस के अनिकेत तटकरे तथा यवतमाल से शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी शामिल हैं.
* रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग में अनिकेत तटकरे निर्विरोध
रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस के उम्मीदवार अनिकेत तटकरे के खिलाफ ठाकरे गुट के उम्मीदवार बाल माने मैदान में थे. अंतिम समय में बाल माने ने अपना नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद अनिकेत तटकरे का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हो गया. नामांकन वापस लेने पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे) ने बाल माने को पार्टी से निष्कासित कर दिया.
* पुणे में विक्रम काकड़े का रास्ता साफ
पुणे में राष्ट्रवादी कांग्रेस के विक्रम काकड़े के खिलाफ कई उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन अंतिम समय में सभी प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों ने नामांकन वापस ले लिया. इसके बाद विक्रम काकड़े निर्विरोध निर्वाचित हो गए.
* ठाणे और यवतमाल में भी निर्विरोध जीत
ठाणे में शिवसेना के रवींद्र फाटक के खिलाफ राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार अभिजीत पवार ने नामांकन वापस ले लिया, जिससे फाटक निर्विरोध निर्वाचित हो गए. यवतमाल में कांग्रेस उम्मीदवार साहेबराव कांबले पहले ही चुनाव से हट चुके थे. बाद में अन्य दावेदारों ने भी नामांकन वापस ले लिया, जिससे शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी निर्विरोध विजयी घोषित हुए.
* नासिक में दिलचस्प मुकाबला
नासिक सीट पूरे राज्य में सबसे अधिक चर्चा का केंद्र रही. यहां शिवसेना के नरेंद्र दराडे उम्मीदवार हैं. भाजपा के गणेश गीते ने नामांकन वापस ले लिया, लेकिन अपक्ष उम्मीदवार गोकुल गीते मैदान में बने रहे. इसके कारण नासिक में नरेंद्र दराडे और गोकुल गीते के बीच सीधा मुकाबला होगा.
* अमरावती में त्रिकोणीय संघर्ष
अमरावती स्थानीय स्वराज संस्था निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल, कांग्रेस के हर्षजीत देशमुख और वंचित बहुजन आघाड़ी के निलेश विश्वकर्मा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा. निर्दलीय प्रत्याशी विप्लव बाजोरिया का नामांकन निरस्त होने और बाद में हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिलने के बाद अमरावती का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गया है.
* नागपुर में भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
नागपुर उपचुनाव में भाजपा के डॉ. राजीव पोतदार और कांग्रेस के अतुल लोंढे के बीच सीधा मुकाबला होगा. यहां कांग्रेस और अन्य दलों के कई उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया है.
* सोलापुर, नांदेड़ और बीड में सीधी टक्कर
सोलापुर में भाजपा के राजेंद्र राऊत और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के वसंतराव देशमुख आमने-सामने होंगे. नांदेड़ में भाजपा के अमर राजूरकर का मुकाबला कांग्रेस के रामदास पाटील से होगा. धाराशिव-लातूर-बीड सीट पर भाजपा के बसवराज पाटील और कांग्रेस के महेश देशमुख के बीच सीधी लड़ाई होगी. यहां सभी सात अपक्ष उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया है.
* जलगांव और परभणी में बहुकोणीय मुकाबला
जलगांव में भाजपा के नंदकिशोर महाजन, ठाकरे गुट के शरद तायडे और शिंदे गुट की बागी उम्मीदवार रेश्मा काले चुनाव मैदान में हैं. परभणी-हिंगोली में शिवसेना के सईद खान, ठाकरे गुट के डॉ. विवेक नावंदर और अपक्ष सुशील देशमुख के बीच मुकाबला होगा.
* राज्य की 12 प्रमुख सीटों पर मुकाबले
राज्य की जिन 12 सीटों पर चुनाव होंगे, उनमें सोलापुर, अहिल्यानगर, जलगांव, सांगली-सातारा, नांदेड़, भंडारा-गोंदिया, नासिक, अमरावती, धाराशिव-लातूर-बीड, परभणी-हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर-जालना तथा नागपुर शामिल हैं.
* महायुति को शुरुआती बढ़त, लेकिन 12 सीटों पर कड़ी परीक्षा
पांच सीटों पर निर्विरोध जीत से महायुति ने शुरुआती बढ़त अवश्य हासिल की है, लेकिन शेष 12 सीटों पर उसे महाविकास आघाड़ी की चुनौती का सामना करना होगा. कई स्थानों पर स्थानीय समीकरण, बागियों का प्रभाव और दलगत नाराजगी चुनाव परिणामों को प्रभावित कर सकती है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन चुनावों के नतीजे केवल विधान परिषद की सीटों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि आगामी स्थानीय निकाय और विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीतिक ताकत का संकेत भी देंगे. इसलिए महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों ने इन चुनावों को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है. नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव प्रचार तेज होने की संभावना है और अगले कुछ दिनों में सभी प्रमुख दल अपनी पूरी ताकत झोंकते नजर आएंगे.
* कहां से कौन निर्विरोध निर्वाचित
वर्धा-गडचिरोली-चंद्रपुर – अरूण लखानी (भाजपा)
पुणे – विक्रम काकडे (राकांपा अजीत)
ठाणे – रविन्द्र फाटक (शिवसेना शिंदे)
रायगढ-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग – अनिकेत तटकरे (राकांपा अजीत)
यवतमाल – दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना शिंदे)
* राज्य की 12 सीटों पर आमने-सामने प्रमुख प्रत्याशी
सोलापुर – राजेंद्र राउत (भाजपा) विरूध्द वसंतराव देशमुख (राकांपा शरद पवार)
अहिल्या नगर – प्राजक्त तनपुरे (भाजप) विरूध्द दत्तात्रय पानसरे (निर्दलीय)
जलगांव – नंदकिशोर महाजन (भाजपा), शरद तायडे (सेना उबाठा), रेश्मा काले (शिंदे सेना की बागी)
सांगली-सातारा – धैर्यशील कदम (भाजपा), अभय सिंग जगताप (राकांपा शरद पवार), किशोर धुमाल (निर्दलीय)
नांदेड – अमर राजुरकर (भाजपा) विरूध्द रामदास पाटिल (कांग्रेस)
भंडारा-गोंदिया – नरेश ईश्वरकर (कांग्रेस समर्थित) विरूध्द अविनाश ब्राह्मणकर (भाजपा)
नाशिक – गोकुल गीते (अपक्ष) विरूध्द नरेंद्र दराडे (शिवसेना)
अमरावती – प्रवीण पोटे (भाजपा), हर्षजीत देशमुख (कांग्रेस), नीलेश विश्वकर्मा (वंचित)
धाराशिव-लातुर-बीड – बसवराज पाटिल (भाजपा) विरूध्द महेश देशमुख (कांग्रेस)
परभणी-हिंगोली – सईद खान (शिवसेना शिंदे), डॉ. विवेक नावंदर (शिवसेना उबाठा) व सुशील देशमुख (निर्दलीय)
छ. संभाजी नगर-जालना – सुहास सिरसाट (भाजपा) विरूध्द गणेश लोखंडे (शिवसेना उबाठा)
नागपुर (उपचुनाव) – डॉ. राजीव पोतदार (भाजपा) विरूध्द अतुल लोंढे (कांग्रेस)





