आंतरजातीय शादी का घरवालों ने किया विरोध
विवाह पंजीयन कार्यालय में बडा ड्रामा, रोकनी पडी शादी

* युवक-युवती के विवाह का कडा विरोध
* दोनों पक्षों में हाथापायी, रार
* गाडगे नगर पुलिस ले गई थाने
अमरावती/दि.4 – प्रेमविवाह करने जा रहे युवक-युवती के परिजनों को भनक लग जाने से आज दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थित उपनिबंधक पंजीयन कार्यालय में हाई ड्रामा हो गया. फिल्मी स्टाइल में घरवालों ने पहुंचकर शादी रुकवा देने की जानकारी मिल रही है. खबर है कि, दोनों ही युवक और युवती अलग-अलग समाज के होने से उनके परिणय का घोर विरोध करते हुए परिवार के लोगों ने हंगामा मचाया. उसी प्रकार मामला रार-तक्रार से हाथापायी तक पहुंच गया था. ऐसे में गाडगे नगर पुलिस को खबर लगते ही जत्था वहां पहुंचा और दोपहर 4 बजे के दरम्यान दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई. वहां भी समझाइश की कोशिशे चलने का समाचार इन पंक्तियों के लिखे जाने तक मिल रहा था.
जानकारी के अनुसार युवक और युवती दोनों आंतरजातीय विवाह करनेवाले थे. उन्होंने इसके लिए आवश्यक अधिसूचना उपनिबंधक कार्यालय को दी थी. नियमानुसार आवेदन किया गया था. उनका आवेदन वहां पब्लिक के अवलोकन हेतु लगा दिया गया था. जिससे कुछ लोगों ने परिचितों को बताया. परिवार वालों को भी खबर लगी.
युवक और युवती दोनों के ही परिजन वहां आ गए. उन्होंने विवाह का तगडा विरोध किया. जिससे दोनों पक्षों में स्वाभाविक रुप से रार हो गई. बात बढती गई. किंतु युवती ने खुद के बालिग अर्थात वयस्क होने का दावा कर उसी युवक से विवाह करने की जिद बोलकर बताई. वह अन्य किसी से विवाह नहीं करने की बात बार-बार कह रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि, दोनों ही पक्ष विवाह का विरोध कर रहे थे. ऐसे में विवाह पंजीयन की कार्यवाही रोकी गई. पुलिस भी वहां पहुंची. दोनों साइड को समझाने का प्रयत्न किया गया. कोई भी सुनने के लिए राजी न था. वहां परिस्थिति न बिगडे, यह सोचकर पुलिस दोनों साइड के इकठ्ठा लोगों को गाडगे नगर थाने ले गई.





