अमरावती विधान परिषद के चुनाव में होगा त्रिकोणीय मुकाबला

चुनावी मैदान में केवल तीन प्रत्याशी, मुख्य भिडंत भाजपा व कांग्रेस के बीच

* भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे, कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख व वंचित के प्रत्याशी डॉ. विजय विश्वकर्मा है मैदान में डटे हुए
* नामांकन वापसी का समय समाप्त होने तक एक निर्दलीय प्रत्याशी ने कदम वापिस खींचे
* 18 जून को जिले के 15 निकाय के 453 सदस्य करेेंगे मतदान, 22 को मतगणना व चुनाव परिणाम
* कल से जमकर जोर पकडेगा प्रत्याशियों का प्रचार, नतीजो को लेकर रहेगी उत्सुकता
अमरावती/ दि. 4 – अमरावती जिले के स्थानीय स्वायत्त निकाय निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सीट हेतु होने जा रहे चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत आज नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनावी मैदान में तीन प्रत्याशी शेष बचे हैं. जिनमें भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे पाटिल, कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख व वंचित बहुजन आघाडी के प्रत्याशी डॉ. नीलेश विश्वकर्मा का समावेश है. जिसके चलते इस बार अमरावती विधान परिषद सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय रहने का दृश्य दिखाई दे रहा है. जिसमें से मुख्य भिडंत भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल तथा कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख के बीच ही रहने की बात तय मानी जा रही है.
बता दें कि विधान परिषद की सीट हेतु होने जा रहे चुनाव के लिए अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र के कुल पांच इच्छुकों द्बारा अपने नामांकन आवेदन प्रस्तुत किए गये थे. जिसमें से शिंदे गुट वाली शिवसेना से बगावत करते हुए महायुति प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय के तौर पर दावेदारी प्रस्तुत करनेवाले हिंगोली-परभणी क्षेत्र के पूर्व विधायक विप्लव बाजोरिया के नामांकन को तकनीकी आधार पर खारिज कर दिया गया है. जिसके चलते चुनावी मैदान में चार दावेदार बचे थे. जिसमें से निर्दलीय प्रत्याशी रहनेवाले अमरावती मनपा के कांग्रेसी पार्षद प्रशांत श्रीधरराव महल्ले आज नामांकन वापसी के अंतितम दिन अपनी दावेदारी को पीछे लेते हुए चुनावी मैदान से अपने कदम वापिस खींच लिए. ऐसे में अब विधान परिषद की अमरावती सीट के लिए चुनावी मैदान में भाजपा प्रत्याशी व पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटिल, कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख एवं वंचित बहुजन आघाडी के प्रत्याशी डॉ. नीलेश विश्वकर्मा ऐसे तीन दावेदार बचे हुए है. जिनमें से मुख्य प्रतिस्पर्धा भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पोटे पाटिल एवं कांग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख के बीच मानी जा रही है.
ज्ञात रहे कि अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की सीट हेतु होने जा रहे चुनाव के लिए अमरावती महानगरपालिका सहित सीटे की 10 नगर परिषदों व 4 नगर पंचायतों ऐसे कुल 15 स्थानीय स्वायत्त निकायों के 453 सदस्यों द्बारा मतदाता के तौर पर अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए विधान परिषद के लिए अपना प्रतिनिधि चुना जायेगा. 18 जून को होनेवाले मतदान के बाद 22 जून को मतगणना करते हुए चुनावी नतीजे की घोषणा की जायेगी. यहां यह भी उल्लेखनीय है कि यूं तो विधान परिषद के चुनाव की घोषणा होने के साथ ही प्रमुख प्रतिस्पर्धी प्रत्याशियों द्बारा निकायों के मतदाता सदस्यों से संपर्क करते हुए अपना प्रचार करना शुरू कर दिया गया था. लेकिन अब नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के उपरांत चुनाव को लेकर स्थिति काफी हद तक स्पष्ट होने के बाद प्रत्याशियों द्बारा किया जानेवाला प्रचार और भी अधिक जोर पकडेगा.

Back to top button