7 जून को विश्व साइकिल दिवस पर भव्य साइकिल रैली
जिलाधिकारी येरेकर सहित प्रशासनिक अधिकारी होंगे शामिल

* साइकलिंग असो. के संजय मेंडसे ने दी जानकारी
अमरावती /दि.5- विश्व साइकिल दिवस और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 7 जून रविवार को सुबह 6 बजे भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है, ऐसी जानकारी जिला साइकिल एसोसिएशन संजय मेंडसे ने दी. उन्होंने बताया कि, साइकिलिंग को बढावा देने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए रैली का आयोजन किया गया है. रैली में जिलाधिकारी आशीष येरेकर तथा प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे.
जिला साइकिल असोसिएशन की सदस्या डॉ. सरिता डफले ने बताया कि, महिला साइकिलिस्टों ने भी कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है. महिलाओं के समूह ने लेह, लद्दाख और खारदुंगला जैसी चुनौतीपूर्ण यात्राएं साइकिल से पूरी की है. इसके अलावा बंगाल से गुजरात तक का लंबा साइकिल अभियान भी सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि, साइकिलिंग केवल एक खेल या शौक नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और आत्मविश्वास को बढावा देने का प्रभावी माध्यम है. आगामी साइकिल रैली के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोडने का प्रयास किया जाएगा.