हेलमेट पहनने वाले वाहन चालकों का ट्रैफिक पुलिस ने किया सम्मान
सडक सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जागरुकता लाने का प्रयास

अमरावती/दि.5 – सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से ट्रैफिक राजापेठ विभाग ने गुरुवार को एक अनोखा जनजागरण अभियान चलाया. मालवीय चौक और जयस्तंभ चौक पर हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों का फूल भेंट कर सम्मान किया गया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया.
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को रोककर गुलाब का फूल दिया तथा सुरक्षित यातायात के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की. अधिकारियों ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन बचाने वाला महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है. पुलिस के अनुसार इस पहल का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों तथा गंभीर चोटों की संख्या कम करना है. विभाग का मानना है कि दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ सकारात्मक प्रोत्साहन भी नागरिकों में नियमों के प्रति जागरूकता और सम्मान बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है.
इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस निरीक्षक प्रवीण वांगे के नेतृत्व में विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और अपने परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें. शहरवासियों ने ट्रैफिक राजापेठ विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया. अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरण अभियान जारी रखे जाएंगे, ताकि अमरावती में सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा मिल सके.





