तोरणद्वार से निकाली गई भव्य निशान यात्रा ने बढाया उत्साह

खाटू श्याम, सालासर, जीणमाता, पुष्कर दर्शन यात्रा सफल

* श्रद्धालुओं ने लिया दिव्य दर्शन का लाभ
* पूज्य गुरुजी बापजी की शोभायात्रा का भी उल्लासमय स्वागत
अमरावती/दि.5 – समाजसेवी एवं खाटू श्याम भक्त दिनेश भाई सेठिया, उनकी धर्मपत्नी मयूरी सेठिया, पुत्री हर्षिता सेठिया तथा पुत्र गौरव सेठिया के विशेष प्रयासों से खाटू श्याम भक्तों के एक समूह ने राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम की भव्य यात्रा कर बाबा श्याम के दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त किया. यात्रा के दौरान मुंबई से पधारे पूज्य गुरुजी (बापजी) एवं उनकी शोभायात्रा का भक्तों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया.
तोरण द्वार से खाटू श्याम मंदिर तक निकली निशान यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच भक्तों ने पूरे मार्ग में भक्ति का आनंद लिया.यात्रा के दौरान अमरावती से जयपुर पहुंचने पर इस जत्थे का राजस्थान के पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. जिसमें बैंड-बाजा, राजस्थानी पोशाक पहने लोग शामिल थे. खाटू श्याम मंदिर पहुंचने पर जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं को अमरावती के उद्यमी विजय खंडेलवाल के गुरूजी महाराज रोहित के मार्गदर्शन में बाबा श्याम के मुख दर्शन एवं निकट से दर्शन करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ.
श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन के सबसे यादगार और अलौकिक अनुभवों में से एक बताया. यात्रियों का कहना था कि इतने भव्य एवं सहज दर्शन का सौभाग्य विरले ही प्राप्त होता है. यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए दिनेश भाई सेठिया, हर्षिता सेठिया, गौरव सेठिया एवं परिवार का आभार व्यक्त किया. सभी ने उनके सेवा भाव, समर्पण और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए ईश्वर से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीघार्यु एवं निरंतर धार्मिक कार्यों में सक्रिय रहने की प्रार्थना की. इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने वीर हनुमान जी महाराज एवं खाटू श्याम बाबा के जयकारों के साथ यात्रा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की.

Back to top button