सरोज चौक पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई, एक दर्जन दुकानों के ओटें तोडे
नालियों से नहीं हो रही थी पानी की निकासी

* पार्षद रतन डेंडूले की पहल से मनपा का विभाग हरकत में
* पहले ही दे दी थी नोटिस, तोडू दस्ता पहुंचने पर व्यापारियों में खलबली
अमरावती/दि.5 – शहर के बीचोबीच स्थित व्यापारी क्षेत्र सरोज चौक की दुकानों द्वारा नाली पर बना दिए गए चबूतरे आज पूर्वान्ह 11 बजे मनपा के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने अचानक तोडक कार्रवाई कर हटा दिए. इस कार्रवाई से व्यापारियों में दुकान खुलते समय ही खलबली मची. बताया गया है कि, वहां से जानेवाली नाली चोकअप हो जाने परिसर के घरों में पानी की शिकायत मिलने पर पार्षद रतन डेंडूले की पहल से यह कार्रवाई की गई. सामने बारिश का सीजन होने से नालियों का साफ होना और सभी प्रकार का पानी का निकास आवश्यक बताया गया है. तोडक कार्रवाई दौरान पुलिस दस्ता साथ था. किंतु समाचार लिखे जाने तक किसी भी दुकानदार ने मनपा की कार्रवाई का प्रतिरोध नहीं किया.
* अचानक पहुंचा जेसीबी और एक्शन
मनपा का अतिक्रमण विरोधी दस्ता अचानक सरोज चौक पहुंचा. जेसीबी और पुलिस बल लेकर विभाग प्रमुख योगेश कोल्हे पहुंचे. उनके निर्देश पर तोडक कार्रवाई शुरु की गई. एक के बाद एक अनेक दुकानों के ओटे तोडे गए. दुकानों का बाहर निकला पूरा हिस्सा हटाया गया. जिससे दुकानदारों का थोडबहुत नुकसान भी हुआ. नाली पर बनाए गए ओटे पर ही अनेक दुकानदारों के शोकेज और काउंटर रखे जाते. उसी प्रकार कई दुकानों के ग्राहक इन्हीं चबूतरों पर खडे रहकर व्यवहार करते. आज नाली सफाई के लिए सभी हटा दिए गए. इस समय लक्ष्मण पावडे, अंसार अहमद, संदीप सोनोने, प्रशांत और हेडकांस्टेबल गुल्हाने, पीसी जीतेश, एलपीसी प्रियंका धोटे, सोनू मंडे सहित पुलिस बल मुस्तैद रहा.
* इन दुकानों पर चला हंटर
जेसीबी तोडक कार्रवाई की चपेट में आनेवाली सरोज चौक की दुकानों में वर्हाडे मेडिकल, डेन्मार्क, बैग कॉर्नर, राजू वॉच, सुंदर मेडिकल, टाईम इंडिया, स्वीस वॉच सेंटर और अन्य दुकाने शामिल है. बताया जाता है कि, किसी भी दुकानदार ने कार्रवाई का विरोध नहीं किया. दरअसल उन्हें मनपा ने अपने चबूतरे नाली से हटा लेनेे के नोटिस कुछ दिन पहले दे दिए थे.
* लोगों के घरों में पानी, पार्षद डेंडूले की पहल
सरोज चौक संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास अनेक घर मौजूद है. वहां नालियां चोकअप होने से बारिश का पानी सडकों पर जमा होकर लोगों के घरों में घूस रहा था. उसी प्रकार मंदिर की तरफ जानेवाले मार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया गया था. जिससे अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई अवश्यंभावी बताई गई. नगरसेवक रतन डेंडूले ने लोगों की मांग पर ही नालियां साफ करने के लिए पहले अतिक्रमण हटाने हेतु पहल की और मनपा का तोडक दस्ता लेकर वे स्वयं वहां कार्रवाई दौरान देर तक मौजूद रहे. आज की कार्रवाई से शहर के अन्य भागों में भी अतिक्रमण विरोधी तोडक कार्रवाई की आशंका बढ गई है. जिससे दुकानदार अपने-अपने अतिक्रमण हटाने पर सक्रिय होते दिखाई पड रहे हैं. अतिक्रमण विरोधी दस्ता सरोज चौक से बापट चौक की तरफ कब जाता है, यह देखनेवाली बात होगी. यहां एरिया में सडकों पर ठेले और खोके लगाकर अवैध कब्जे किए हुए है. फलस्वरुप यातायात में बाधा भी उत्पन्न होती है.





