पुल से नदी में गिरी टाटा-709, पुलिस की तत्परता से तीन घायलों की बची जान
परतवाडा थाना क्षेत्र के मोझरी मार्ग की घटना

अमरावती/दि.5 – परतवाड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय क्रेन चालक की मदद से पुल से नदी में गिरी एक मालवाहक गाड़ी में फंसे तीन लोगों की जान बचा ली गई. दुर्घटना की सूचना डायल 112 पर मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाया.
जानकारी के मुताबिक अचलपुर से मोझरी की ओर ईंटें लेकर जा रही टाटा-709 क्रमांक एमएच-27/सी-0065 यह परतवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में एक पुल से नीचे नदी में जा गिरी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सुरेश म्हस्के के मार्गदर्शन में चार्ली वाहन 1, 2 और 3 सहित पुलिस दल मौके पर रवाना हुआ. साथ ही परतवाड़ा के वहीद भाई की क्रेन को भी सहायता के लिए बुलाया गया. घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि वाहन पुल के नीचे गिरा हुआ है और उसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए हैं. क्रेन की सहायता से वाहन को सुरक्षित स्थिति में लाकर घायलों को बाहर निकाला गया. घायलों की पहचान शेख समीर शेख ज़हीर (30) तथा मोहम्मद अतीक मोहम्मद हफीज (19) निवासी मंजूरपुरा, अचलपुर सहित एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए उपजिला अस्पताल अचलपुर में भर्ती कराया गया. समय पर बचाव और उपचार मिलने से उनकी जान बच गई.
यह बचाव अभियान अमरावती के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे तथा पुलिस निरीक्षक सुरेश म्हस्के के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया. अभियान में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस की इस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है.





