फेसबुक मित्रता के बाद महिला का पीछा करने और धमकी देने का मामला दर्ज
राजापेठ थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती /दि.6– राजापेठ थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ पीछा करने, अश्लील गालियां देने और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता महिला की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से आरोपी युवक से पहचान हुई थी. कुछ समय बाद महिला के पति को इसकी जानकारी मिलने पर उसने आरोपी से सभी संपर्क समाप्त कर उसे मोबाइल पर ब्लॉक कर दिया. इसके बावजूद आरोपी लगातार महिला से संपर्क करने का प्रयास करता रहा और उसका पीछा करता रहा. शिकायत में बताया गया है कि, हाल ही में महिला अपने पति के साथ घर लौट रही थी. इसी दौरान आरोपी ने उनका पीछा किया और घर के समीप पहुंचकर अपना वाहन रोक लिया. आरोप है कि उसने महिला के पति के सामने महिला के बारे में अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणियां कीं.
महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे अश्लील गालियां दीं, उसके चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की और दोबारा ब्लॉक करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. साथ ही वह लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था तथा जान से मारने की धमकी भी दे रहा था. शिकायत मिलने के बाद राजापेठ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.





