पी. आर. पोटे पाटील कॉलेज ऑफ फार्मसी में मेगा कैंपस ड्राइव

अमरावती/दि.10 – पीआर पोटे पाटिल कॉलेज ऑफ फार्मसी में मेगा कैंपस ड्राइव का सफल आयोजन किया गया. इस अवसर पर मेडिकल कोडिंग क्षेत्र की बहुराष्ट्रीय कंपनी एडवांटमेंट इंडिया एलएलपी अहमदाबाद ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया.
कैंपस ड्राइव में अमरावती सहित महाराष्ट्र तथा अन्य राज्यों के बी. फार्मेसी, एम. फार्मेसी और फार्म डी उत्तीर्ण कुल 678 विद्यार्थियों ने सहभागिता दर्ज की. कार्यक्रम में कंपनी की ओर से हेमांग क्रिस्टियन पूर्वेश जानी तथा उनकी टीम ने विद्यार्थियों को मेडिकल कोडिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी. महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. दीप्ति रुईकर ने औषध निर्माण क्षेत्र में अवसर और चुनौतियां विषय पर मार्गदर्शन करते हुए विद्यार्थियों को उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराया. भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले पात्रता परीक्षा आयोजित की गई, इसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार तथा अंतिम चयन चरण संपन्न हुआ. विभिन्न चरणों में सफल प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया गया. महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हर वर्ष प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया जाता है, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को लाभ मिलता है. इस मेगा कैंपस ड्राइव का समन्वय प्लेसमेंट एवं प्रशिक्षण विभाग प्रमुख प्रा. डॉ. भूषण भोयर ने किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकों तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.

Back to top button