गाडगे नगर के नागरिकों को नाली के दुर्गंधयुक्त पानी से होकर गुजरने की मजबूरी
बार-बार शिकायतों के बावजूद महानगरपालिका प्रशासन की अनदेखी

अमरावती/दि.10- बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही हुई असमय वर्षा ने गाडगे नगर के निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है. क्षेत्र की नालियां जाम होने से गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी सड़कों पर फैल रहा है तथा कई घरों में भी प्रवेश कर रहा है. इससे नागरिकों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
गाडगे नगर के प्रभाग क्रमांक 2 स्थित राठोड गली नंबर 3 में नालियों के जाम होने के कारण बारिश का पानी और गंदा नाला जल सड़क पर जमा हो रहा है. स्थानीय नागरिकों को इसी गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है. क्षेत्र ञ्च्में दुर्गंध और गंदगी का माहौल बना हुआ है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं. नागरिकों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया. नालियों की सफाई तो की जाती है, लेकिन निकाले गए गाद और कचरे को समय पर नहीं उठाया जाता. कई दिनों तक गाद सड़क किनारे पड़ी रहती है और दोबारा नाली में चली जाती है, जिससे नालियां फिर से जाम हो जाती हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों में रोजाना प्लास्टिक और अन्य कचरा फंसने से जल निकासी बाधित होती है. थोड़ी सी बारिश होने पर भी गंदा पानी सड़क पर भरता है और नागरिकों को उसी से होकर गुजरना पड़ता है. इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. क्षेत्रवासियों ने महानगरपालिका प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नालियों की सफाई, गाद और कचरे के नियमित उठाव तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है. नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा जनस्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है. गाडगे नगर के नागरिकों ने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने और क्षेत्र को जलभराव एवं गंदगी की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है.





