अमरावती विद्यापीठ में रोजगारोन्मुख बी.कॉम इन रिटेल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम शुरू

अमरावती /दि.10 – संत गाडगे बाबा अमरावती विद्यापीठ के व्यवसाय प्रशासन एवं प्रबंधन विभाग द्वारा अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के अंतर्गत बी.कॉम इन रिटेल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम प्रारंभ किया गया है. इस पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. विद्यार्थियों को करियर-केंद्रित शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते के मार्गदर्शन में यह पहल की गई है.
इस पाठ्यक्रम की विशेषता यह है कि अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के तहत अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को महाराष्ट्र शासन की राजर्षि छत्रपति शाहू महाराज शिक्षण शुल्क छात्रवृत्ति योजना तथा डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ता योजना का लाभ मिल सकेगा. इससे पात्र विद्यार्थियों पर शिक्षा और आवास का आर्थिक बोझ कम होगा. विद्यापीठ के अनुसार शॉपिंग मॉल, सुपरमार्केट, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, फैशन स्टोर और ग्राहक सेवा क्षेत्र के तेजी से विस्तार के कारण रिटेल सेक्टर में प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन की मांग बढ़ रही है. इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रम तैयार किया गया है.
पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी कक्षा शिक्षण के साथ विभिन्न रिटेल एवं व्यावसायिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे. इससे उन्हें रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी. पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थी रिटेल स्टोर मैनेजर, रिटेल ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव, विजुअल मर्चेंडाइजर, कस्टमर रिलेशन एग्जीक्यूटिव, सेल्स एवं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, ई-कॉमर्स एग्जीक्यूटिव, सप्लाई चेन कोऑर्डिनेटर तथा रिटेल बिजनेस कंसल्टेंट जैसे पदों पर कार्य कर सकेंगे. विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे उच्च शिक्षा, औद्योगिक प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और बेहतर करियर अवसरों से युक्त इस अभिनव पाठ्यक्रम का लाभ उठाएं तथा प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए केंद्रीय प्रवेश समिति एवं व्यवसाय प्रशासन एवं प्रबंधन विभाग से संपर्क करें.

Back to top button