ओम श्री शंभो कांवड़ यात्रा से गूंजा मोर्शी शहर
151 कलश लेकर निकली भव्य शोभायात्रा

* सालबर्डी में स्वयंभू शिवलिंग पर किया जलाभिषेक
मोर्शी /दि.9– श्रावण माह के अवसर पर ओम श्री शंभो कांवड़ यात्रा उत्सव समिति की ओर से 6 सितंबर को भव्य कांवड़ शोभायात्रा निकाली गई. सालबर्डी स्थित सातपुड़ा पर्वत की तलहटी में पहाड़ के भीतर स्थित भोले शंकर के स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए निकली इस यात्रा से मोर्शी शहर भक्तिमय हो उठा. यात्रा में हजारों महिला-पुरुष, युवक-युवतियां और श्रद्धालु शामिल हुए.
कांवड़ यात्रा की शुरुआत दोपहर 2 बजे मोर्शी-अमरावती मार्ग स्थित शिव मंदिर से हुई. युवा उद्यमी उमेश मंत्री और निलेश रोडे के हाथों कलश पूजन के बाद यात्रा का शुभारंभ किया गया. इस दौरान 151 कलश लेकर महिलाओं, युवाओं और युवतियों की शोभायात्रा निकली.
* महाकाल और अघोरी पथक रहे आकर्षण का केंद्र
यात्रा में महाकाल पथक, अघोरी पथक और खाटूश्याम रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. छत्रपति शिवाजी चौक पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रा का फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया. इसके बाद यात्रा जयस्तंभ चौक स्थित गणपति मंदिर के सामने पहुंची. यहां बैलगाड़ियों पर मोर्शी के आराध्य देव महादेव महाराज, मारुति महाराज, संत रामजीबाबा, गंगाराम महाराज, शेगांव के गजानन महाराज और शिवलिंग की प्रतिमाओं से आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं. इन झांकियों पर जेसीबी से फूलों की वर्षा की गई. गणपति मंदिर में महाआरती भी की गई. गौरक्षण क्षेत्र में ‘मोर्शी का राजा’ की ओर से यात्रा का स्वागत किया गया. वहीं रामजीबाबा मंदिर में कांवड़ यात्रा का पूजन और महाआरती की गई. यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए चाय, नाश्ता और पानी की व्यवस्था की गई थी.
* 100 फीट लंबी कांवड़ बनी आकर्षण
मोर्शी से श्रीक्षेत्र पाला होते हुए कांवड़ यात्रा सालबर्डी स्थित वैराग्यमूर्ति संत महादेव महाराज संस्थान पहुंची. यहां ओम श्री शंभो यात्रा समिति एवं समस्त हिंदू बांधव मोर्शी की ओर से सामाजिक कार्यकर्ता और निर्भय संस्था के संस्थापक अध्यक्ष निलेश रोडे के नेतृत्व में महाआरती की गई. इस अवसर पर करीब 100 फीट लंबी कांवड़ विशेष आकर्षण का केंद्र रही. इसमें 151 भरणे, भोलेनाथ की प्रतिमा, शिवलिंग और विशाल त्रिशूल स्थापित किया गया था. डमरू और डफली की ताल पर श्रद्धालु ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यम’ सहित विभिन्न भक्ति गीतों का जयघोष करते हुए आगे बढ़े.
* स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक
कांवड़ यात्रा सालबर्डी के पहाड़ में स्थित भुयार तक पहुंची. यहां प्राकृतिक चट्टानों के नीचे विराजमान भोले शंकर के स्वयंभू शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित कर 151 भरणों से जलाभिषेक किया गया. इस दौरान पूरा परिसर ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा. कांवड़ यात्रा देखने के लिए मोर्शी शहर सहित पूरे तहसील से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवक-युवतियां मुख्य मार्ग के दोनों ओर जमा हुए थे. शिवाजी चौक और जयस्तंभ चौक पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ.
* पुलिस का रहा कड़ा बंदोबस्त
यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपविभागीय पुलिस अधिकारी उमेश पाटील, थानेदार राहुल आठवले और नितिन देशमुख के मार्गदर्शन में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया था. पुलिस व्यवस्था के चलते यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. कांवड़ यात्रा की सफलता के लिए सामाजिक कार्यकर्ता निलेश रोडे सहित ओम श्री शंभो उत्सव समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया.





