14 गट शिक्षाधिकारियों को सीईओ ने दिया झटका
शिक्षकों के वेतन देयक तय समय में प्रस्तुत नहीं करना पडा भारी

अमरावती/दि.11- जिला परिषद के प्राथमिक शिक्षकों का वेतन प्रतिमाह 1 तारीख को अदा होने की दृष्टि से वेतन देयक प्रस्तुत करने का टाइमटेबल शिक्षा विभाग द्बारा निश्चित किया गया है. ऐसे में इस टाइमटेबल के अमल में कोताही करनेवाले जिले के 14 पंचायत समितियों के गट शिक्षाधिकारियों को जिप सीईओ सत्यम गांधी के हस्ताक्षर से जिप के प्राथमिक शिक्षा विभाग द्बारा शोकॉज नोटिस जारी की गई है. सीईओ गांधी की इस कार्रवाई के चलते जिप के शिक्षा विभाग में अच्छा खासा हडकंप व्याप्त है.
बता दें कि जिला परिषद प्राथमिक शिक्षक संवर्ग के कर्मचारियों का वेतन प्रति माह पहली तारीख को अदा होने की दृष्टि से शिक्षा विभाग ने वेतन देयक प्रस्तुत करने का टाइमटेबल तय किया है. साथ ही वेतन देयक प्रस्तुत करने में किसी भी तरह का कोई विलंब न हो. इस हेतु बार-बार सूचना व सख्त निर्देश भी दिए गये है. परंतु इसके बावजूद 14 पंचायत समितियों द्बारा वेतन के देयक तय समय के भीतर प्रस्तुत नहीं किए जाने की शिकायत अक्सर ही सामने आती है. वेतन देयक प्रस्तुत करने में बरती जानेवाली लापरवाही एवं प्रशासकीय उदासीनता के चलते प्राथमिक शिक्षकों का वेतन अदा होने में हर महीने ही विलंब हो रहा है. जिसके परिणाम स्वरूप शिक्षकों एवं कर्मचारियों में तीव्र असंतोष की लहर है. साथ ही इस विषय को लेकर शिक्षक संगठनों द्बारा किए जानेवाले आंदोलनों व निवेदनों सहित सोशल मीडिया पर पोस्ट की जानेवाली जानकारियों के चलते जिला परिषद के कामकाज को लेकर बेहद नकारात्मक वातावरण भी बन रहा है. यह अपने आप में बेहद गंभीर बात है. जिसकी जिप सीईओ सत्यम गांधी ने गंभीरता पूर्वक दखल ली है.
इस संदर्भ में जिप सीईओ सत्यम गांधी द्बारा अपनाई गई भ्ाूमिका के मुताबिक वरिष्ठ कार्यालय के स्पष्ट आदेशों का पालन नहीं करने, प्रशासकीय कामकाज में लापरवाही बरतने सरकारी कामों के अकार्यक्षमता दिखाने तथा शिक्षकों के वेतन वितरण बिना वजह विलंब करने जैसे कृत्य अपने आप में बेहद गंभीर है और इन कृत्यों की वजह से जिला परिषद की प्रतिमा मलिन हो रही है. जिसके लिए पूरी तरह से विभिन्न पंचायत समिति के गट शिक्षाधिकारी जिम्मेदार है. अत: उनके नाम कारण बताओं नोटिस जारी की गई है.
* क्या कहा गया है नोटिस में
जिप सीईओ सत्यम गांधी द्बारा 14 पंचायत समितियों के गट शिक्षाधिकारियों के नाम अंतिम व सख्त ताकीद देते हुए जारी नोटिस में मार्च, अप्रैल, मई व जून माह के वेतन देयक तय समय के भीतर लिखित स्वरूप में प्रस्तुत नहीं किए जाने को लेकर कारण बताने हेतु कहा गया है. यह नोटिस प्राप्त होने के बाद अगले 10 दिनों के भीतर वेतन देयक विलंब से प्रस्तुत करने से संबंधित कारण मीमांसा लेखी स्वरूप में प्रस्तुत करने का निर्देश सीईओ सत्यम गांधी द्बारा दिया गया है.
* वेतन देयक प्रस्तुत करने में लगातार विलंब होने के चलते जिले के 14 गट शिक्षाधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी की गई है. जिसके जवाब में तय मुदत के भीतर स्पष्टीकरण नहीं मिलने अथवा प्राप्त स्पष्टीकरण के असमाधानकार रहने पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.
– सत्यम गांधी, सीईओ,
जिप अमरावती