मोदी के नेतृत्व में महाराष्ट्र को विकास की नई दिशा मिली- देवेंद्र फडणवीस

मुंबई /दि.11– मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और सहयोग से महाराष्ट्र के विकास को नई दिशा मिली है. प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए फडणवीस ने पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया.
फडणवीस ने कहा कि मोदी के समर्थन से नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मुंबई मेट्रो लाइन 3, नागपुर मेट्रो, पुणे मेट्रो, अटल सेतु, समृद्धि महामार्ग और कोस्टल रोड जैसे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, बुनियादी ढांचे, गरीबी उन्मूलन और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. फडणवीस ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से गढ़चिरौली को विकास के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने मराठी भाषा को अभिजात भाषा का दर्जा दिलाने, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक और अन्य सांस्कृतिक परियोजनाओं में केंद्र के सहयोग का भी उल्लेख किया. उन्होंने विश्वास जताया कि महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र का समर्थन आगे भी मिलता रहेगा.





