श्री माहेश्वरी राधाकृष्ण मंदिर में कल मनाया जाएगा 126वां पाट उत्सव

अमरावती/दि.11– श्री माहेश्वरी पंचायत एवं श्री राधाकृष्ण मंदिर, धनराज लेन तथा समस्त माहेश्वरी समाज, अमरावती के तत्वावधान में कल गुरुवार 11 जून को भगवान श्री राधा-कृष्णजी का 126वां स्थापना दिवस (पाट उत्सव) एवं परमा एकादशी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा.
मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन में प्रातःकाल से विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 बजे भगवान श्री राधा-कृष्णजी के मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक से होगी. इसके पश्चात सुबह 5:30 बजे से 8 बजे तक समाज के श्रद्धालु भगवान को तुलसी दल अर्पित कर सकेंगे. प्रातः 8 बजे भगवान श्री राधा-कृष्णजी को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी. यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी. शोभायात्रा में भजन-कीर्तन, बाजे-गाजे तथा धार्मिक उत्साह का वातावरण रहेगा. दोपहर 1 बजे प्रसिद्ध कथावाचक एवं सनातन धर्म प्रचारक श्री श्यामनारायणजी महाराज के मुखारविंद से संकीर्तन एवं परमा एकादशी के धार्मिक महत्व पर विशेष प्रवचन होगा. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे भगवान श्री राधा-कृष्णजी की महाआरती संपन्न होगी. महाआरती के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों के लिए प्रसाद तथा रसपान की व्यवस्था की गई है.
मंदिर समिति एवं माहेश्वरी समाज ने सभी समाजबंधुओं, श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है.