पहले चरण में मध्य जोन राजापेठ और पूर्व जोन दस्तूरनगर रहे अव्वल

जनगणना 2027

* निर्धारित समय से पहले 100 प्रतिशत घर सूची एवं समूह सूची का कार्य पूर्ण
* आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने किया सम्मानित
अमरावती/दि.11- अमरावती मनपा द्वारा जनगणना 2027 की तैयारियों को गति दी जा रही है. पहले चरण में घर सूची (एचएलबी) एवं समूह सूची तैयार करने के कार्य में मध्य जोन कार्यालय क्रमांक-2, राजापेठ तथा पूर्व जोन कार्यालय, दस्तूरनगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय-सीमा से पहले ही अपने क्षेत्र का 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रधान जनगणना अधिकारी तथा मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया.
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में शहर के प्रत्येक घर, भवन, व्यावसायिक प्रतिष्ठान तथा अन्य संरचनाओं का सर्वेक्षण कर उनका डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जा रहा है. यह कार्य 16 मई से 14 जून तक पूरा किया जाना है. जनगणना संचालनालय के निर्देशानुसार 10 जून तक सभी एचएलबी कार्यों का 100 प्रतिशत पूर्ण होना अपेक्षित था, लेकिन मध्य जोन राजापेठ और पूर्व जोन दस्तूरनगर ने 7 जून 2026 को ही अपना संपूर्ण कार्य पूरा कर लिया. इसके साथ ही ये दोनों कार्यालय शहर के पहले ऐसे चार्ज कार्यालय बन गए जिन्होंने प्रथम चरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया. मध्य जोन कार्यालय राजापेठ में चार्ज अधिकारी भूषण पुसतकर के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सर्वेक्षण कार्य पूरा किया. टीम में उपअभियंता दिनेश हंबर्डे, सहायक चार्ज अधिकारी लक्ष्मण पावडे, जनगणना लिपिक विष्णु लांडे तथा तकनीकी सहायक हिमानी पुसदेकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा. वहीं पूर्व जोन दस्तूरनगर में चार्ज अधिकारी नितीन बोबडे के मार्गदर्शन में जनगणना लिपिक अजय चव्हाण और तकनीकी सहायक मनीष कोठेकर ने भी प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया.
सम्मान समारोह में आयुक्त वर्षा लढ्ढा ने कहा कि जनगणना केवल सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की आधारशिला है. शहर की जनसंख्या, आवास व्यवस्था, नागरिक सुविधाएं, आधारभूत ढांचा, सरकारी योजनाएं और विभिन्न नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनगणना की सटीक जानकारी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने दोनों चार्ज कार्यालयों की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध योजना, निरंतर निगरानी और बेहतर समन्वय के कारण यह सफलता संभव हुई है. अन्य चार्ज कार्यालयों को भी इसी कार्यपद्धति का अनुसरण कर शेष कार्य शीघ्र पूरा करने की सलाह दी गई.
मनपा क्षेत्र में कुल पांच चार्ज कार्यालयों के माध्यम से जनगणना कार्य संचालित किया जा रहा है. इनमें से दो कार्यालयों ने 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, जबकि शेष तीन कार्यालयों का कार्य भी अंतिम चरण में है. प्रशासन के अनुसार इन कार्यालयों में लगभग 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा. प्रशासन ने जनगणना अभियान को जनसहभागिता का आंदोलन बताते हुए नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी देकर सहयोग करें. कार्यक्रम में अतिरिक्त आयुक्त महेश देशमुख, शहर जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त योगेश पीठे, सहायक शहर जनगणना अधिकारी अक्षय निलंगे सहित जनगणना विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अभिनंदन कर आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दी गईं.

Back to top button