दिव्यांगों को रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी आगे आएं

विधायक रवि राणा का प्रतिपादन

* दिव्यांग लाभार्थियों को आटा चक्की व झेरॉक्स मशीन का वितरण
अमरावती /दि.12- स्मृति सेवाश्रम, नवाअकोला और प्रेमकिशोर सिकची चैरिटेबल ट्रस्ट, वलगांव के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दिव्यांग मार्गदर्शन कार्यशाला में विधायक रवि राणा ने दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया.
कार्यक्रम में विधायक रवि राणा ने दिव्यांग लाभार्थियों को 25 आटा चक्की और 50 ़झेरॉक्स मशीनों का वितरण किया. उन्होंने कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों में अपार क्षमता और प्रतिभा होती है, उन्हें केवल सहानुभूति नहीं बल्कि समान अवसर और उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि शासन, सामाजिक संस्थाओं, उद्योग जगत और स्वयंसेवी संगठनों को मिलकर दिव्यांगों के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने चाहिए. इससे वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकेंगे. इस अवसर पर विधायक राणा ने कार्यक्रम के आयोजक प्रकाश साबले के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयास प्रेरणादायी हैं. कार्यक्रम में प्रेमकिशोर सिकची, डॉ. अनिल सावरकर, अविनाश कोठाले, डॉ. दिलीप काले, सचिन मालकर, डॉ. गुणवंत डहाणे, गजानन रडके, विजय राऊत, गौरव इंगले, नितीन भटकर, हेमंत कालमेघ, शेख अनीस सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे. कार्यशाला में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार, आर्थिक सहायता और कौशल विकास संबंधी विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में आयोजक प्रकाश साबले ने सभी अतिथियों और उपस्थितों का आभार व्यक्त किया.

Back to top button