जिप वित्त आयोग के मार्फत थिलोरी ग्रापं को ई-रिक्शा भेंट
स्वच्छता अभियान को मिली नई गति

दर्यापुर /दि.12- केंद्र और राज्य सरकार के स्वच्छता अभियान को मजबूती प्रदान करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विविध उपक्रम चलाए जा रहे है. उसी का ही एक भाग जिला परिषद वित्त आयोग के मार्फत गांव में गीला और सूखा कचरा संकलन व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने के लिए ई-रिक्शा का वितरण किया गया है.
इस उपक्रम अंतर्गत दर्यापुर तहसील की थिलोरी ग्राम पंचायत को गीला व सूखा कचरा संकलन के लिए ई-रिक्शा प्रदान की गई. ई-रिक्शा का उद्घाटन ग्राम पंचायत की सरपंच मीना शशांक धर्माले के हस्ते विधिवत पूजन कर किया गया. गांव स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरणपुरक रखने की दृष्टि से ई-रिक्शा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. घर-घर से गीला व सूखा कचरा संकलित करने में मदद होगी. जिसमें गांव की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक गति मिलेगी और नागरिकों में भी स्वच्छता को लेकर जनजागृति होगी.
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता शशांक पाटिल धर्माले, विक्की पाटिल होले, ग्रापं लिपिक बालू वाकपांजर, गोलू टापरे, राहुल वाकपांजर, आदित्य होले, रामेश्वर राऊत, नीलेश राऊत, शीला भालेराव, गोलू इसल तथा गांव के युवक बडी संख्या में उपस्थित थे. इस दौरान ग्राम पंचायत प्रशासन ने नागरिकों से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कर देने का आवाहन किया. ‘स्वच्छ गांव, सुंदर गांव’ इस संकल्पना को साकार करने की दिशा में थिलोरी ग्राम पंचायत ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है, ऐसी भावना ग्रामवासियों ने व्यक्त की.





