स्माइल मुद्रा मेडिटेशन से तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन संभव

स्माइल मेडिटेशन अकादमी के संचालक डॉ. पंकज जैन का कथन

अमरावती /दि.12– ट्राई ओरिजिन स्माइल फाउंडेशन एवं स्माइल मेडिटेशन अकादमी के संस्थापक एवं संचालक डॉ. पंकज जैन ने कहा कि स्माइल मुद्रा मेडिटेशन आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, भय, मानसिक अस्थिरता तथा विभिन्न शारीरिक समस्याओं से मुक्ति दिलाने का प्रभावी और प्राकृतिक माध्यम है. यह व्यक्ति को संतुलित, स्वस्थ और आनंदमय जीवन जीने में सहायता करता है.
संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में आयोजित ‘ट्राई ओरिजिन स्माइल मुद्रा मेडिटेशन राष्ट्रीय वैज्ञानिक संगोष्ठी एवं स्वास्थ्य शिविर’ में मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन करते हुए उन्होंने कहा कि यह पद्धति ध्यान, मुद्रा चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान का समन्वय है, जो मानसिक शांति, एकाग्रता और शारीरिक-भावनात्मक संतुलन स्थापित करने में सहायक है. कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, दीप प्रज्वलन एवं दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध वैज्ञानिक पार्क जे वू के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ. इस अवसर पर डॉ. पंकज जैन का शॉल, पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया. साथ ही आशा सारडा, शारदा राठी और मोहन काजले का भी स्वागत किया गया.
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर में देशभर से आए प्रशिक्षित विशेषज्ञों और स्वयंसेवकों ने सेवा प्रदान की. शिविर में एक्यूप्रेशर, एक्यूपंक्चर, इमोशन थेरेपी, योग आधारित श्वसन पद्धति, ट्राई ओरिजिन स्माइल मुद्रा मेडिटेशन तथा स्माइल ब्रीदिंग जैसी प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का मार्गदर्शन किया गया. इस शिविर से एक हजार से अधिक लोगों ने लाभ प्राप्त किया. कार्यक्रम के दौरान सामूहिक स्माइल मेडिटेशन सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की. समापन पर वैशाली बोरकर ने आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम की सफलता में अनेक स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. अमरावती सहित राज्य और देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों लोगों की सहभागिता ने आयोजन को सफल बनाया.

Back to top button