सावर्डी के खोब्रागडे परिवार के भाई-बहन की सफलता

बहन का पीएसआई तथा भाई का पुलिस दल में चयन

नांदगांव पेठ/दि.13- अमरावती तहसील अंतर्गत आनेवाले सावर्डी गांव के सर्वसामान्य परिवार के भाई-बहन ने अपनी जिद और कडी मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त की है. जिला परिषद मराठी शाला में शिक्षा प्राप्त प्रतीक्षा रुपचंद खोब्रागडे ने अपनी मेहनत के बल पर पुलिस अकादमी का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया. जिसमें उसकी पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) पद पर नियुक्ति की गई. वहीं उसके भाई सुमीत रुपचंद खोब्रागडे का भी वरणगांव पुलिस दल में चयन किया गया.
ग्रामीण क्षेत्र में मर्यादित सुविधा रहने के बावजूद भी प्रतीक्षा ने स्पर्धा परीक्षा की तैयारी शुरु रखी. अपनी जिद, मेहनत, सतत अभ्यास के बल पर उसने पुलिस उपनिरीक्षक पद हासिल कर अपने परिवार व गांव का नाम रोशन किया. प्रतीक्षा की प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा जिला परिषद मराठी शाला में हुई. जिप शाला में पढते हुए उसने यह सफलता हासिल कर विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनी.
वहीं दूसरी ओर उसके भाई सुमीत खोब्रागडे ने भी पुलिस सेवा में जाने का स्वप्न देखा था और अपनी मेहनत और लगन के चलते उसने भी अपना सपना पूरा किया. सुमीत का चयन वरणगांव पुलिस दल में किया गया. एक ही परिवार के दो भाई-बहन का पुलिस विभाग में चयन होने पर खोब्रागडे परिवार का सर्वत्र अभिनंदन किया जा रहा है. महाराष्ट्र पुलिस अकादमी से प्रशिक्षण पूर्ण कर गांव आने पर प्रतीक्षा खोब्रागडे का ग्रामवासियों की ओर से भव्य स्वागत किया गया. गांव के सामाजिक कार्यकर्ता, ज्येष्ठ नागरिक, युवा, महिला एवं विद्यार्थियों ने उसका अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी.

Back to top button