स्विमिंग पूल में कूदते समय रेलवे पुलिसकर्मी की मौत

गणेशोत्सव के बाद दोस्तों के साथ गेट-टुगेदर के दौरान हादसा

* कुही के सोनेगांव स्थित फार्म हाउस की घटना
नागपुर /दि.2 – गणेशोत्सव के बाद गेट-टुगेदर के लिए फार्म हाउस पहुंचे रेलवे पुलिस के एक कर्मचारी की स्विमिंग पूल में हादसे के दौरान मौत हो गई. यह दर्दनाक घटना 30 सितंबर की मध्यरात्रि को कुही तालुका के मौजा सोनेगांव शिवार स्थित बालगिरी फार्म में हुई. मृतक का नाम मानकापुर के गायत्री नगर निवासी सचिन घनश्याम आवारी (38) है.
जानकारी के मुताबिक सचिन आवारी वर्ष 2013 में रेलवे पुलिस बल में भर्ती हुए थे. उनके साथ भर्ती हुए नौ बैचमेट हर वर्ष गेट-टुगेदर का आयोजन करते थे. इस वर्ष भी गणेश विसर्जन के बाद सभी दोस्तों ने साथ में समय बिताने की योजना बनाई थी.
* रात में फार्म हाउस पहुंचे थे नौ दोस्त
बताया गया है कि सभी नौ दोस्त रात करीब 9 बजे तीन चारपहिया वाहनों से नागपुर से निकले. रात करीब 10.15 बजे वे कुही तहसील के सोनेगांव शिवार स्थित बालगिरी फार्म हाउस पहुंचे. वहां सभी दोस्तों ने मिलकर खाना बनाया. भोजन के बाद दोस्तों ने स्विमिंग पूल में तैराकी और मनोरंजन किया. इसी दौरान रात करीब 1.30 से 1.45 बजे के बीच सचिन आवारी स्विमिंग पूल में कूदे. पुलिस के अनुसार, पूल में कूदते समय उनके सिर पर जोरदार चोट लगी. हादसे के बाद उनकी मौत हो गई.
* 2013 बैच के थे सभी दोस्त
सचिन आवारी के साथ राहुल हरिचंद्र राजगिरे, विपिन पिलेवान, नितुल सावजी, शिवशंकर बिसेन, नीलेश निकोडे, यशवंत गायकवाड़, देवेंद्र राकेश तथा प्रतीक इटनकर समेत 9 पुलिसकर्मी 2013 में जीआरपी में एक साथ भर्ती हुए थे. सभी के बीच मित्रता थी और वे नियमित रूप से गेट-टुगेदर करते थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद कुही पुलिस मौके पर पहुंची. कुही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस हादसे की परिस्थितियों और स्विमिंग पूल में हुई घटना के संबंध में आगे की जांच कर रही है.

Back to top button