12 दिन में 82 फीसद कम बारिश

अब सभी की निगाहे लगी आसमान पर

* 1 जून से सीजन शुरू, बारिश लापता, मृग नक्षत्र भी रहा सूखा
अमरावती/दि.13 – इस बार 1 जून से बारिश का सीजन शुरू होकर 12 दिन बीत चुके हैं. साथ ही मृग नक्षत्र शुरू हुए भी चार दिन हो चुके हैं. लेकिन इसके बावजूद जिले में बारिश का कोई अता पता नहीं है. इससे उलट जिले में अब भी ग्रीष्म लहर का दौर भी चल रहा है. गत रोज अमरावती शहर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जिसके चलते बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद जिले में पड रही गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है. वहीं दूसरी ओर ‘एल नीनो’ के प्रभाव की वजह से पहले 12 दिनों के दौरान अपेक्षा से 78 फीसद बारिश कम हुई है. ऐसे मेें लगातार बढते तापमान और भारी उमस की वजह से लोग बाग फिलहाल त्रस्त हो गये है.
बता दें कि जिले में मार्च माह के अंत से तापमान बढना शुरू हुआ था तथा अप्रैल और मई माह के दौरान भीषण ग्रीष्म लहर वाली स्थिति की साथ ही इस वर्ष अधिकतम तापमान ने पुराने रिकार्ड को तोडकर नये-नये रिकार्ड भी बनाए. इसके चलते इस बार अप्रैल व मई माह के दौरान रिकार्ड तोड गर्मी पडी. इसे ‘एल नीनो’ का प्रभाव कहा जा सकता है. यही वजह है कि 1 जून से बारिश का मौसम शुरू होने के बावजूद भी तापमान में कोई विशेष फर्क नहीं पडा है. उलटे हवा में आर्द्रता का प्रमाण बढने की वजह से उमस में जबर्दस्त इजाफा हुआ है. मई माह की तुलना में अब जून माह के दौरान तापमान में यद्यपि 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है. लेकिन विगत 12 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.

* एक दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर
मौसम विभाग द्बारा दी गई जानकारी के मुताबिक अगले चार-पांच दिनों के दौरान एक-दो स्थानों पर ग्रीष्म लहर वाली स्थिति रहेगी. जबकि कुछ स्थानों पर तेज रफ्तार के साथ हवाएं चल सकती है. इस दौरान कहीं पर भी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. इसके साथ ही जिले में मानसून के आगमन की तारीख इस समय भले ही निश्चित नहीं है. परंतु 16 से 18 जून के दौरान मानसून के आगमन की पूरी संभावना है और तब तक अच्छी खासी गर्मी और उमस वाली स्थिति ही बनी रहेगी.

* 12 दिन की स्थिति
अपेक्षित औसत बारिश – 59 मिमी
प्रत्यक्ष में हुई बारिश – 10.2 मिमी
बारिश का प्रतिशत – 17.3 फीसद

* अधिकतम तापमान (डि./से.)
7 जून – 39.6
8 जून – 42.2
9 जून – 42.4
10 जून – 42.4
11 जून – 42.8
जून माह में लगातार बढता तापमान सिरदर्द रहने के साथ ही तकलीफदेह भी है. इसकी वजह से भीषण गर्मी व उमस वाली स्थिति बन रही है. जब तक जोरदार व दमदार बारिश नहीं होती तब तक यह स्थिति ऐसे ही कायम रहनेवाली है.

Back to top button