अमरावती के उद्यमी विजय खंडेलवाल ने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.13 : वीर हनुमानजी कंस्ट्रक्शन के संस्थापक, प्रख्यात उद्यमी एवं हनुमान भक्त विजय खंडेलवाल ने अधिकमास के पावन अवसर पर राजस्थान की राजधानी जयपुर के समीप स्थित वीर हनुमानजी मंदिर सामोद पर्वत में दर्शन कर श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को उठाया. उन्होंने सामोद पर्वत स्थित मंदिर के लिए संचालित रोप-वे पिछले चार वर्षों से बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को हो रही कठिनाइयों के संबंध में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से भेंट कर ज्ञापन सौंपा. इस दौरान विजय खंडेलवाल के नेतृत्व में जयपुर के हवामहल क्षेत्र के विधायक बालमुकुंद आचार्य से भी मुलाकात कर रोप-वे को शीघ्र पुनः प्रारंभ कराने का निवेदन किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सामोद की पहाड़ी पर स्थित वीर हनुमानजी मंदिर राजस्थान के प्रमुख आस्था केंद्रों में से एक है, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को लगभग 864 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. रोप-वे सेवा बंद होने से विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं दिव्यांग श्रद्धालुओं को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. इस समस्या के समाधान हेतु रोप-वे सेवा को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई. विजय खंडेलवाल ने इस अवसर पर देश, समाज एवं जनकल्याण की मंगलकामना करते हुए वीर हनुमानजी महाराज से सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की प्रार्थना की. उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा.