जन आरोग्य समिती की पहली बैठक संपन्न

स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

अमरावती/दि.13– शहरी स्वास्थ्य केंद्र, पठाण चौक में शनिवार 13 जून 2026 को जन आरोग्य समिति की पहली बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगरसेवक राशीद अली खान ने की. इस अवसर पर नगरसेवक अहमद शाह तथा आशिया अंजुम वहीद प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
बैठक में शहरी स्वास्थ्य केंद्र की महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. निगार खान ने जन आरोग्य समिति के उद्देश्यों, कार्यों, जिम्मेदारियों तथा समिति के माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी. इसके बाद समिति के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, सुझाव और मुद्दे बैठक के समक्ष रखे. इन विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. अध्यक्ष राशीद अली खान ने समिति के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं, शासकीय योजनाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों को आम नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर बल दिया. उन्होंने नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक सुझाव भी दिए.
बैठक में जन आरोग्य समिति के सह-अध्यक्ष, सचिव, सभी सदस्य, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा स्वयंसेविकाएं तथा शहरी स्वास्थ्य केंद्र पठाण चौक एवं विभिन्न आरोग्यवर्धिनी केंद्रों के स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे. बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित अधिकारियों में डॉ. निगार खान (महिला चिकित्सा अधिकारी, शहरी स्वास्थ्य केंद्र पठाण चौक), डॉ. मनोज मुंदडा (चिकित्सा अधिकारी, आरोग्यवर्धिनी फिरदोस कॉलोनी), डॉ. अश्विनी भिलावेकर (चिकित्सा अधिकारी, आरोग्यवर्धिनी मौलाना आजाद कॉलोनी) तथा डॉ. समृद्धी सानप (चिकित्सा अधिकारी, आरोग्यवर्धिनी जमील कॉलोनी) शामिल थे. सभी मान्यवरों, समिति सदस्यों और स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से जन आरोग्य समिति की पहली बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

Back to top button