मंगलसूत्र लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

नंदूरबार से अमरावती लाई पुलिस

अमरावती /दि.13– शहर में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटने की बढ़ती घटनाओं के बीच राजापेठ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक महिला का मंगलसूत्र लूटने के मामले में दो शातिर आरोपियों को नंदूरबार से गिरफ्तार कर अमरावती लाया है. अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामेश्वर राजेंद्रराम गायकवाड़ (25) और अविनाश मवनाथ टिलेकर (22), दोनों निवासी नागडगांव, शिरूर, जिला बीड के रूप में हुई है.पुलिस के अनुसार, 31 मार्च को एकनाथपुरम निवासी पूजा जगताप (47) अपनी सहेली के साथ दोपहिया वाहन से गडगडेश्वर मार्ग पर जा रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से करीब 28 ग्राम वजनी मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए. लूटे गए मंगलसूत्र की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई थी.
घटना के बाद राजापेठ पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की. फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी किसी अन्य मामले में नंदूरबार पुलिस की हिरासत में हैं.न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजापेठ पुलिस ने 10 जून को दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में लिया और अमरावती लेकर आई. अगले दिन उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर कर दी.पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पेशेवर चेन स्नैचर हैं. उनके खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटने के 28 मामले दर्ज हैं. इनमें से 8 मामले केवल बीड जिले में दर्ज बताए गए हैं.राजापेठ पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अमरावती और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चेन स्नैचिंग की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का किसी संगठित आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं.

Back to top button