रतन इंडिया पर गंभीर आरोप

पर्यावरण और राजस्व नुकसान की जांच की मांग

* अमरावती प्लॉट ओनर्स एंड कंज्यूमर एसोसिएशन ने पत्रकार परिषद में उठाए कई मुद्दे
अमरावती/दि.13 – अमरावती प्लॉट ओनर्स एंड कंज्यूमर एसोसिएशन ने आयोजित पत्रकार परिषद में रतन इंडिया कंपनी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की. संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि एक ओर अमरावती शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कंपनी द्वारा लाखों लीटर पानी में राख मिलाकर नष्ट किया जा रहा है.
पत्रकार परिषद में आरोप लगाया गया कि वाघोली-माहुली क्षेत्र की झीलों और कुओं का पानी कंपनी के रासायनिक अपशिष्ट के कारण प्रदूषित हो रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा मंडरा रहा है. संगठन ने बताया कि सरकारी खापरखेड़ा परियोजना पर राख के अवैध भंडारण को लेकर 35 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया था, लेकिन रतन इंडिया के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई, जबकि कंपनी द्वारा बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश का भंडारण किए जाने का आरोप है. संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि सोफिया से वलगांव रेलवे ट्रैक क्षेत्र में अवैध रूप से मुरुम का उत्खनन कर बिना रॉयल्टी चुकाए राख का परिवहन और बिक्री की गई, जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है. इसके अलावा कंपनी परिसर में हजारों पेड़ों की कटाई तथा मोर, हिरण, जंगली सूअर और अन्य वन्यजीवों के नुकसान का भी आरोप लगाया गया. पत्रकार परिषद में यह दावा भी किया गया कि जिला कलेक्टर द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने कंपनी के खिलाफ कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया. संगठन ने कुछ अधिकारियों पर मामले को दबाने के आरोप भी लगाए.
एसोसिएशन ने मांग की कि कंपनी को आवंटित एमआईडीसी की अनुपयोगी भूमि वापस ली जाए. साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि पालकमंत्री के निर्देशों के बावजूद स्थानीय कुम्हारों और ईंट-भट्ठा संचालकों को मुफ्त राख उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, बल्कि 200 रुपये प्रति टन की दर से बेची जा रही है. संगठन ने कहा कि बाहरी कंपनी के माध्यम से राख की बिक्री किए जाने से स्थानीय ईंट-भट्ठा संचालकों, ट्रक मालिकों और चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. पत्रकार परिषद में इन सभी मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. पत्रकार परिषद में शिवसेना उबाठा के सुधीर सुर्यवंशी, पंजाबराव तायवाडे समेत अन्य लोग शामिल थे.

Back to top button