गाज गिरने से दो लोगों की मौत, 12 बकरियां भी मरीं

चंद्रपुर/दि.15  – जिले में शुक्रवार को हुई बारिश और गर्जना के दौरान गाज गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई. वहीं एक घटना में 12 बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मारी गईं. इन घटनाओं से दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है.

* बैल को बांधने निकले किसान की मौत
चंद्रपुर जिले के चिमूर तालुका अंतर्गत खापरी गांव में किसान रणभीड़ रामजी रामटेके (50) की गाज गिरने से मौत हो गई. बताया गया कि शुक्रवार दोपहर अचानक मौसम खराब हो गया था. तेज आंधी-तूफान के बीच रणभीड़ रामटेके अपने बैल को गौशाला में बांधने के लिए घर से बाहर निकले थे. इसी दौरान उन पर बिजली गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल चिमूर के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं. घटना से गांव में शोक का माहौल है.

* बकरियां चराने गए व्यक्ति समेत 12 बकरियां भी मरीं
दूसरी घटना यवतमाल जिले के वानी तहसील के टाकली (चिखली) गांव में हुई. यहां विलास मनकू तुमराम (55) अपनी बकरियां चराने के लिए गांव के बाहर गए थे. शाम करीब चार बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ बिजली चमकने लगी. इसी दौरान गाज गिरने से विलास तुमराम की मौके पर ही मौत हो गई. उनके साथ चर रही 12 बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे.

* मुआवजे की मांग
दोनों घटनाओं के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पंचनामा कर मृतकों के परिजनों तथा पशुपालक को शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है. प्रशासन द्वारा आगे की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी मिली है.

Back to top button