अमरावती ग्रामीण पुलिस का शिकायत निवारण दिवस

210 नागरिकों की शिकायतों का मौके पर समाधान

अमरावती /दि.15- नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पुलिस-जनता संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अमरावती ग्रामीण पुलिस द्वारा प्रत्येक शनिवार को शिकायत निवारण दिवस आयोजित किया जा रहा है. इसी क्रम में 13 जून को जिले के सभी पुलिस थानों में विशेष शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें कुल 210 शिकायतों का समाधान किया गया.
अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले के सभी पुलिस स्टेशनों में प्रत्येक शनिवार शिकायत निवारण दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही सभी थाना प्रभारियों को नागरिकों की शिकायतें सुनकर उन पर त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं. कार्यक्रम के तहत पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने चांदूर बाजार पुलिस स्टेशन का दौरा किया, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़ दर्यापुर पुलिस स्टेशन में उपस्थित रहे. इसके अलावा संबंधित उपविभागीय पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के पुलिस स्टेशनों में तथा थाना प्रभारी अपने-अपने थानों में मौजूद रहे.
शिकायत निवारण दिवस के दौरान नागरिकों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को सुनकर उनका निराकरण किया गया. अमरावती ग्रामीण पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान में कुल 210 शिकायतों का निस्तारण किया गया. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस में अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव पुलिस के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जा सके.

Back to top button