अवैध पशु वध और मांस बिक्री का भंडाफोड़
धारणी पुलिस की कार्रवाई

* 1.05 लाख का माल जब्त
अमरावती /दि.15- अवैध पशु वध और मांस बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धारणी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मौके से 190 किलोग्राम पशु मांस सहित कुल 1 लाख 5 हजार 560 रुपए का माल जब्त किया है.
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण निकेतन कदम के निर्देशानुसार अवैध धंधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 13 जून को धारणी पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि कुरैशी मोहल्ला क्षेत्र में अवैध रूप से पशुओं का वध कर मांस बेचा जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक अवतार सिंह चव्हाण के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक 16 स्थित कुरैशी मोहल्ला में छापा मारा. कार्रवाई के दौरान शेख समीर शेख कबीर (25) के घर के सामने खुले परिसर में बिक्री के लिए रखा गया पशु मांस बरामद किया गया. मौके पर मौजूद शेख नसीम शेख सुल्तान (35) से पूछताछ की गई. तलाशी के दौरान पुलिस ने 190 किलोग्राम पशु मांस, लोहे का तराजू, वजन के बाट, लकड़ी का ढोकला, कुल्हाड़ी, चाकू, मांस बिक्री से प्राप्त नकदी तथा मांस परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की. जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 5 हजार 560 रुपए बताई गई है.
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों आरोपी पशुओं के स्वामित्व अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण अधिनियम 1995 (संशोधित 2015) की विभिन्न धाराओं तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़, पुलिस अधिकारियों एवं धारणी के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई. प्रकरण की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सतीश झालटे कर रहे हैं.