ग्राहकों के फोन उठाएं, बिजली समस्याओं का तत्काल समाधान करें
महावितरण कंपनी के संचालक सचिन तालेवार की हिदायत

* पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देश के बाद महावितरण की आपात बैठक
अमरावती /दि.15- महावितरण के संचालक (संचालन) सचिन तालेवार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए. ग्राहकों के फोन न उठाने या उनकी समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
अमरावती जिले में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दूरभाष के माध्यम से महावितरण प्रशासन से संपर्क कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए. इसके बाद संचालक सचिन तालेवार ने मुख्य अभियंता अशोक सालुंखे, अधीक्षक अभियंताओं और सभी कार्यकारी अभियंताओं के साथ आपातकालीन वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आवश्यक निर्देश जारी किए. बैठक में तालेवार ने कहा कि बिजली एक अत्यावश्यक सेवा है और उपभोक्ताओं को निर्बाध तथा गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना महावितरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसके लिए प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखकर शिकायतों का त्वरित निपटारा किया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रखरखाव एवं मरम्मत कार्यों के लिए बिजली आपूर्ति केवल सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच ही बंद की जाए तथा बिजली कटौती से पहले संबंधित उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा.
बिजली बिलों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के भी निर्देश दिए गए. सचिन तालेवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियंत्रण कक्ष, लाइनमैन, शाखा अभियंता, कार्यकारी अभियंता, अधीक्षक अभियंता और मुख्य अभियंता सहित सभी संबंधित अधिकारियों के लिए उपभोक्ताओं के फोन का जवाब देना अनिवार्य होगा. ग्राहक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.





