कटाई के लिए ले जाए जा रहे 3.35 लाख के 13 मवेशी जब्त
ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.15- अवैध पशु परिवहन और गोवंश कटाई के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटाई के उद्देश्य से ले जाए जा रहे 13 मवेशियों को जब्त किया है. जब्त किए गए मवेशियों की कुल कीमत 3 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है.
अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने सभी थाना प्रभारियों को जुआ, अवैध शराब, अवैध रेत परिवहन, गोवंश वध, गुटखा बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में 13 जून की सुबह ब्राह्मणवाड़ा थड़ी पुलिस को सूचना मिली कि नागरवाड़ी शिवार क्षेत्र के पांदन रास्ते से कुछ लोग मवेशियों को वध के लिए ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर 13 बैल एवं सांडों को अपने कब्जे में लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि मवेशियों को पैदल ले जाकर वध और बिक्री के उद्देश्य से परिवहन किया जा रहा था. जब्त किए गए सभी 13 मवेशियों की अनुमानित कीमत 3 लाख 35 हजार बताई गई है.
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र पशु संरक्षण (संशोधन) अधिनियम की धारा 5(ए), 5(बी), 9(बी) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है. यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे तथा ब्राह्मणवाड़ा ठाड़ी पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी प्रशांत जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पशु परिवहन और गोवंश वध से जुड़े मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.





