किसान परिवार के अजिंक्य ढोके का पुलिस उपनिरीक्षक पद पर चयन
दो सरकारी नौकरी का त्याग कर पीएसआई बनने का स्वप्न किया पूर्ण

* ग्रामवासियों ने रैली निकालकर किया स्वागत
नांदगांव खंडेश्वर/दि.16– तहसील के शिवनी रसुलापुर स्थित किसान परिवार के बेटे अजिंक्य ढोके का मुंबई पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआई) पद पर चयन किया गया. उसका इस पद पर चयन होने के पहले उसने दो सरकारी नौकरियों का त्याग कर अपना पीएसआई बनने का सपना पूर्ण किया. अपनी जिद और मेहनत के चलतेे यह सफलता हासिल करने पर अजिंक्य का रैली निकालकर ग्रामवासियों ने जमकर स्वागत किया.
अजिंक्य ने पुलिस अकादमी में सालभर कठोर प्रशिक्षण सफलता के साथ पूर्ण किया और 583 प्रशिक्षणार्थियों में 45 वी रैंक प्राप्त की. अजिंक्य ढोके ने प्राथमिक शिक्षा जिला परिषद मराठी शाला शिवनी से पूरी की. घर की आर्थिक परिस्थिति सामान्य रहते हुए अजिंक्य ने सारी अडचनों को मात देते हुए अपनी शिक्षा के साथ स्पर्धा परीक्षा की तैयारी शुरु रखी. इसमें विशेष यह है कि, अजिंक्य ने कोई भी कोचिंग क्लास न जाते हुए कर्तव्यनिष्ठा के साथ सतत अभ्यास करते हुए अपना स्वप्न पूर्ण किया और परिवार सहित गांव का नाम रोशन किया.
अजिंक्य के गांव आते ही ग्रामवासियों ने शानदार रैली निकालकर उसका भव्य स्वागत किया. गांव में जगह-जगह पर उसका व उसके माता-पिता का शाल, पुष्पहार व सम्मानचिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया. अजिंक्य की इस उल्लेखनीय सफलता ने ग्रामीण परिसर का मान बढाया है. उसका शासकीय सेवा के लिए चयन किए जाने पर संपूर्ण ग्रामीण परिसर में अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी जा रही है. अजिंक्य की सफलता से ग्रामीण परिसर के विद्यार्थियों को नई प्रेरणा मिली है.
* दो नौकरियों का किया त्याग
पीएसआई पद पर चयन होने के पहले अजिंक्य का चयन नांदगांव खंडेश्वर में स्वास्थ्य सेवक के तौर पर किया गया था. उसके पश्चात नागपुर में पटवारी के पद के लिए भी उसका चयन हुआ था. लेकिन उसका सपना पुलिस अधिकारी बनने का था. जिसमें उसने दोनों नौकरियों का त्याग कर पुलिस में जाने की तैयारी शुरु की और आखिरकार मुंबई पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर नियुक्त होकर उसने अपना स्वप्न पूर्ण किया.





