एक ही रात में चार घरों में चोरी, दापोरी और भाईपुर गांव में दहशत

साढे 60 हजार रुपए का माल ले उड़े चोर

मोर्शी /दि.16- मोर्शी तहसील के दापोरी और समीपस्थ भाईपुर गांव में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी. अज्ञात चोर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण सहित 60 हजार 500 रुपये का माल चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद दोनों गांवों में भय और असुरक्षा का माहौल है.
जानकारी के अनुसार, दापोरी निवासी मंगेश राजेंद्र गावंडे 12 जून की रात घर का मुख्य दरवाजा बंद कर सो गए थे. देर रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे 15 हजार रुपये नकद तथा करीब 1 हजार रुपये मूल्य की तीन ग्राम चांदी की चेन चोरी कर ली. इसके बाद चोरों ने राजेंद्र साहेबराव डोडके के घर को निशाना बनाया. यहां से उन्होंने सूटकेस में रखी करीब 12 हजार रुपये मूल्य की चार ग्राम सोने की बालियां तथा 16 हजार रुपये नकद चुरा लिया. चोरों ने गांव की आशाबाई बालकृष्ण बालोदे के घर में भी सेंध लगाई और नकदी से भरे बैग लेकर फरार हो गए.
इसके बाद चोरों ने दापोरी से सटे भाईपुर गांव में रामप्रसाद शर्मा पाटिल के घर का लोहे का गेट तोड़कर प्रवेश किया. घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर 1.5 ग्राम सोने का सिक्का, एक सोने का डोरला और 23.440 ग्राम चांदी का तोड़ा चोरी कर लिया. इन आभूषणों की कुल कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है. चारों वारदातों में कुल 60,500 रुपये का माल चोरी होने की जानकारी सामने आई है. एक ही रात में लगातार हुई चोरियों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. घटना की सूचना मिलते ही मोर्शी पुलिस स्टेशन के प्रभारी राहुल आठवले, उपनिरीक्षक तुषार चव्हाण तथा पुलिस दल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए. जांच में मदद के लिए फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और आसपास के क्षेत्रों में जांच तेज कर दी है. हाल ही में शिरखेड़ थाना क्षेत्र के अडगांव में भी एक ही रात में चार घरों में बड़ी चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

Back to top button