शहर के बाजारों से गायब होने लगा तंबाकू और गुटखा

तुकाराम मुंढे के पदभार संभालते ही हर जिले के अधिकारी एक्शन मोड पर

* कुछ थोक व्यापारी चोरी-छिपे कर रहे व्यवसाय
* पानठेलो पर भी गुटखा नदारद, भाव बढे
अमरावती/दि.15– राज्य में गुटखा एवं अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को अब बडा असर दिखाई देने लगा है. प्रशासनिक स्तर पर की जा रही सख्त कार्रवाई के चलते अमरावती शहर के प्रमुख होलसेल बाजारों से पिछले दो दिनों से गुटखा लगभग पूरी तरह गायब हो गया है.
बता दे कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी तुकाराम मुंंडे के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधी प्रशासन, पुलिस विभाग तथा संबंधित एजेंसियों द्वारा लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है. हाल के दिनों में कई स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में करोडों रूपये का गुटखा और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किये गए है. लगातार हो रही कार्रवाई के चलते होलसेल का बाजार पुरी तरह खत्म होने की कगार पर है. इतने बडे स्तर पर कार्रवाई का यह डर पहली बार देखा गया है. जबकि कई ग्राहक गुटखा पाने के लिए यहां वहां अपना जुगाड लगाने के लिए भटकते नजर आ रहे है. बाजारों में बनी वर्तमान स्थिति को प्रशासन और पुलिस की सक्रिय कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है.
* कार्रवाई से बढा डर, हटाया गया स्टॉक
लगातार कार्रवाई के बाद व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है. कई विक्रेताओं ने संभावित कार्रवाई से बचने के लिए अपने दुकानों और गोदामों से गुटखे का स्टॉक हटा लिया है. जिन बाजारों में पहले आसानी से गुटखा उपलब्ध हो जाता था, वहां अब ग्राहक तलाश करने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे है. व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार छापेमारी और सख्त निगरानी के कारण गुटखे की आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है. जिससे अवैध कारोबार को बडा झटका लगा है.

* बाजीराव, पान बहार, पराग हुए लापता
शहर में लंबे समय से लोकप्रिय माने जाने वाले बाजीराव, पान बहार और पान पराग जैसे उत्पाद भी वर्तमान स्थिति में बाजारों से लगभग गायब बताए जा रहे है. इससे नियमित उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड रहा है. जैसे की मानो उनके मुंह में छाले आने लगे. शहर के कई नागरिकों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है और मांग की है कि अवैध गुटखा बिक्री पर स्थायी रोक लगाने के लिए इसी प्रकार का अभियान आगे भी जारी रखा जाए.

* पानठेलों पर असर, हुए शटर डाउन
शहर में छोटे-बडे मिलाकर लगभग 4 हजार से अधिक पानटपरी और पान विक्रेता बताए जाते है. इनमें से कई दुकानों पर बिक्री पुरी तरह से ठप हो गई है. कुछ स्थानों पर दुकानें आंशिक रूप से बंद रहने की जानकारी भी सामने आई है.

* गुटखे पर लगा डबल कीमत का तडका
स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध तरीके से गुटखा ऊंची कीमत पर बेचने में जुटे है. जानकारी के अनुसार जहां पहले 100 रूपये का डिब्बा उपलब्ध था वहीं अब उसे 200 रूपये तक में बेचा जा रहा है. इसके बावजूद कुछ ग्राहक अलग-अलग माध्यमों से इसे खरिदने का प्रयास कर रहे है. जिसके चलते गुटखा बिक्री के किमतों पर डबल तडका लगा हुआ है.

Back to top button