कांग्रेस की मानसिकता आतंकवादियों के पक्ष में रही

सांसद डॉ. अनिल बोंडे का दर्यापुर में हल्लाबोल

* ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ को भारी प्रतिसाद
दर्यापुर/दि.15– भारतीय जनता पार्टी द्वारा दर्यापुर के कृषि भवन में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच हमेशा से आतंकवादियों और चरमपंथियों के प्रति नरम रही है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा मजबूत हुई है.
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. बोंडे ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में लगातार आतंकवादी हमले होते थे और सुरक्षा बलों को भारी नुकसान उठाना पड़ता था. उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाई गई, जिसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दे रहे हैं. सम्मेलन में राज्य समन्वयक दिनेश सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष प्रभुदास भिलावेकर, विधायक प्रवीण तायड़े, पूर्व विधायक सुधीर रसे, पूर्व विधायक रमेश बुंदिले, बालासाहेब हिंगणीकर, बाबाराव बरवट, बालासाहेब वानखड़े, नगराध्यक्ष अविनाश गायगोले, नगराध्यक्ष रूपाली माथने, उप नगराध्यक्ष प्रियंका मालठाने, मदन बायस्कार, अनिल कुंडलवार, मेघा भारती, नकुल सोनटक्के, स्वप्नील गावंडे, अमोल वाडी, विजय मेंढे, सुधीर गोडे, अप्पा पाटिल, तुषार खेरडे, माधव अवघड, साबुलाल दहीकर, दीपक दौलतानी, पद्माकर सांगोले, माणिक मानकर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे.
अपने संबोधन में सांसद बोंडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने विकास, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उत्थान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. उन्होंने कहा कि आज देश की सशस्त्र सेनाओं में बड़ी संख्या में महिलाएं सेवाएं दे रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है. पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डॉ. बोंडे ने राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है. कार्यक्रम का संचालन विजय मेंढे ने किया, जबकि गोपाल चंदन ने आभार व्यक्त किया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

Back to top button