आज से राज्यभर में स्कूल शुरू
लेकिन विदर्भ के छात्रों को 30 जून तक इंतजार

मुंबई/अमरावती /दि.15- एक महीने की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद सोमवार से महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई. स्कूलों के पहले दिन छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला. राज्यभर में प्रवेश उत्सव मनाया गया और जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा शिक्षकों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पनवेल के वाहल स्थित जिला परिषद स्कूल का दौरा कर वहां की आधुनिक शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों के कार्य की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि आज कई जिला परिषद स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था निजी स्कूलों से भी बेहतर स्तर पर पहुंच चुकी है. पिंपरी-चिंचवड़ में सुनेत्रा पवार ने जिला परिषद स्कूलों को आधुनिक शिक्षा का मॉडल बताया. वहीं छत्रपति संभाजीनगर में पालकमंत्री संजय शिरसाट ने छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के बच्चे खुशी-खुशी स्कूल आ रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत है. हिंगोली और बीड सहित कई जिलों में नए विद्यार्थियों का फूल, नई यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकों, आरती और मिठाई देकर स्वागत किया गया. कई स्कूलों में विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाए गए थे.
* विदर्भ में 30 जून से खुलेंगे स्कूल
हालांकि राज्य के अन्य हिस्सों में स्कूल शुरू हो गए हैं, लेकिन अमरावती सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र के स्कूल अब 30 जून से खुलेंगे. शिक्षा विभाग ने बढ़ते तापमान, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है. अमरावती जिले के सीबीएसई और राज्य बोर्ड से संबद्ध प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं. शासन के मूल कार्यक्रम के अनुसार स्कूल 15 जून से शुरू होने थे, लेकिन विदर्भ में भीषण गर्मी को देखते हुए विभिन्न शिक्षक संगठनों और अभिभावकों ने स्कूल शुरू करने की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की थी. इसके बाद यह निर्णय लिया गया. इस फैसले से विदर्भ के लाखों विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिली है और उन्हें अतिरिक्त 15 दिनों की छुट्टी का लाभ मिलेगा.





