मुनाफे का प्रलोभन देकर लाखों रुपए की ठगी

अमरावती के पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर धोखाधडी का मामला दर्ज

गडचिरोली/अमरावती/दि.15 – अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में अमरावती जिले के परतवाड़ा निवासी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ गड़चिरोली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. आरोप है कि आरोपियों ने व्यापार में निवेश और लाभ का झांसा देकर कई लोगों से बड़ी रकम ली और बाद में पैसे लौटाने के बजाय शहर छोड़कर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रफीक जब्बार कुरैशी (61) निवासी अमीर्झा, गड़चिरौली ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. मामले में अमरावती जिले के परतवाडा निवासी आरोपी कमल राजेश मेघवानी, विनय राजेश मेघवानी और उनके पिता राजेश पाथुमल मेघवानी, सभी निवासी परतवाड़ा (जिला अमरावती) हैं. शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 की शुरुआत में कुरैशी परिवार की पहचान कमल मेघवानी से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों परिवारों के बीच घनिष्ठ संबंध बन गए. इसी विश्वास का लाभ उठाते हुए कमल मेघवानी ने व्यापार में आर्थिक परेशानी और निवेश की आवश्यकता बताकर मई 2024 से मार्च 2025 के बीच अलग-अलग समय पर करीब 25 लाख रुपये अपने, अपने भाई और पिता के बैंक खातों में जमा करवाए. बाद में जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने कुछ राशि लौटाने का दावा किया और शेष 13.60 लाख रुपये के भुगतान के लिए एचडीएफसी बैंक का चेक दिया. लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया.
* किराये का मकान खाली कर फरार
25 मई को शिकायतकर्ता जब भुगतान की मांग को लेकर आरोपी के घर पहुंचा, तो उसे पता चला कि आरोपी परिवार किराये का मकान खाली कर शहर छोड़कर जा चुका है. इसके बाद खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
* कई लोगों से करोड़ों की ठगी का संदेह
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने गड़चिरोली के कई अन्य लोगों को नई मोबाइल दुकान शुरू करने और व्यापार में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर निवेश कराया था. स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की हो सकती है. पुलिस के अनुसार, कुछ अन्य संभावित पीड़ितों के नाम भी सामने आए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. यदि किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी हुई है, तो उन्हें सबूतों के साथ आगे आने की अपील की गई है. गडचिरोली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस निरीक्षक विनोद चव्हाण ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

Back to top button