अमरावती की कुमकुम मोहोड का स्वर्णिम निशाना

तीरंदाजी विश्व कप में भारत को दिलाया गोल्ड

अमरावती/दि.15 – अमरावती की 17 वर्षीय तीरंदाज कुमकुम मोहोड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को तीरंदाजी विश्व कप चरण-3 में स्वर्ण पदक दिलाया है. तुर्की के अंताल्या में आयोजित प्रतियोगिता में कुमकुम ने ओलंपियन धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिलकर रिकर्व मिश्रित टीम वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम किया. फाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने दक्षिण कोरिया की ओलंपिक विजेता जोड़ी किम जे-देओक और ओह ये-जिन को 5-1 से पराजित किया. इस जीत के साथ भारत ने चार वर्षों बाद इस वर्ग में विश्व कप का स्वर्ण पदक हासिल किया.
* दबाव में दिखाया दमदार खेल
भारतीय जोड़ी ने मुकाबले की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा. पहले दो राउंड 37-36 के अंतर से जीतने के बाद तीसरे राउंड में कड़े दबाव के बावजूद संयम बनाए रखा और 39-39 की बराबरी के साथ स्वर्ण पदक पक्का कर लिया.
* लगातार दूसरा विश्व कप स्वर्ण
कुमकुम मोहोड की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनका लगातार दूसरा विश्व कप स्वर्ण पदक है. पिछले महीने शंघाई में आयोजित विश्व कप प्रतियोगिता में उन्होंने मेजबान चीन को हराकर भारतीय महिला रिकर्व टीम को स्वर्ण पदक दिलाया था. अंताल्या में भी उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन और मानसिक मजबूती का परिचय दिया.
* प्रशिक्षक ने की सराहना
कुमकुम के प्रशिक्षक प्रफुल्ल डांगे ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कुमकुम ने बेहद परिपक्व खेल का प्रदर्शन किया. महत्वपूर्ण क्षणों में सटीक निशाने लगाकर उन्होंने टीम को जीत दिलाई. उन्होंने बताया कि अब लक्ष्य आगामी एशियाई खेलों और 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक की तैयारियों पर केंद्रित रहेगा.
* अमरावती में खुशी की लहर
मणीबाई गुजराती हाईस्कूल की छात्रा कुमकुम मोहोड की इस उपलब्धि से अमरावती में खुशी और गर्व का माहौल है. खेल प्रेमियों और तीरंदाजी से जुड़े लोगों ने उनकी सफलता पर उत्साह व्यक्त किया है. इससे पहले भी अमरावती के तीरंदाज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं और कुमकुम की यह उपलब्धि जिले के खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली साबित हुई है.

Back to top button