विदर्भ में फिर बारिश की चेतावनी

नागपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

नागपुर/दि.15 – विदर्भ में प्री-मानसून बारिश के बाद एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग ने नागपुर सहित विदर्भ के अधिकांश जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.
शनिवार को नागपुर समेत कई जिलों में हुई जोरदार बारिश के बाद रविवार को मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं. 19 जून तक विदर्भ में बारिश का माहौल बने रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, यवतमाल और अन्य जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी संभावना है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
* तापमान में उतार-चढ़ाव
नागपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 23.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. अमरावती में तापमान में लगभग 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं गोंदिया में तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
* मानसून का इंतजार जारी
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति जारी है और महाराष्ट्र में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. अनुमान है कि 18 जून से 2 जुलाई के बीच महाराष्ट्र सहित दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है. हालांकि बारिश की संभावना के बीच मौसम विभाग ने 16 जून तक कुछ इलाकों में लू (हीटवेव) की स्थिति भी बने रहने की चेतावनी दी है. ऐसे में नागरिकों को बदलते मौसम के प्रति सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है.

Back to top button