मुख्यमंत्री से बैठक के आश्वासन पर रोहित पवार ने समाप्त किया अनशन
मंत्री गिरीश महाजन की मध्यस्थता सफल

पंढरपुर/दि.15 – किसानों की कर्जमाफी से जुड़ी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे विधायक रोहित पवार ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है. राज्य सरकार की ओर से मंत्री गिरीश महाजन ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर उनसे चर्चा की और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बैठक का आश्वासन दिया.
शनिवार को गिरीश महाजन ने अनशन स्थल पर रोहित पवार से मुलाकात की. इस दौरान रोहित पवार ने किसानों की विभिन्न मांगों का ज्ञापन उन्हें सौंपा. चर्चा के दौरान महाजन ने मुख्यमंत्री फडणवीस से फोन पर बातचीत कराई, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने पर सहमति बनी. रोहित पवार ने कहा कि 22 जून से शुरू होने वाले विधानसभा अधिवेशन से पहले मुख्यमंत्री के साथ किसानों के मुद्दों पर बैठक होगी. उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 30 जून से लागू किए जाने वाले कर्जमाफी संबंधी निर्णयों में आवश्यक सुधारों पर चर्चा की जाएगी. उन्होंने कहा कि बैठक में किसान नेता राजू शेट्टी, अजित नवले, रविकांत तुपकर, हर्षवर्धन सपकाल, जयंत पाटिल, महादेव जानकर सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे.
रोहित पवार ने कहा कि यदि सरकार ने आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं की, तो 4 जुलाई से मराठवाड़ा क्षेत्र में नया आंदोलन शुरू किया जाएगा. हालांकि फिलहाल किसानों के हित में बातचीत के जरिए समाधान निकालने का निर्णय लिया गया है. वहीं गिरीश महाजन ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के मुद्दों को लेकर सकारात्मक है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और चर्चा के माध्यम से समाधान निकाला जाएगा. उन्होंने रोहित पवार से आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया. इस घटनाक्रम के बाद किसानों की कर्जमाफी और उससे जुड़े नियमों में संभावित बदलावों को लेकर अब सरकार और किसान संगठनों के बीच होने वाली बैठक पर सबकी नजरें टिकी हैं.





