अमरावती में पहली बार महिलाओं के लिए भव्य साइक्लिगं डिस्ट्रिक्ट लीग

19 जून को होगी प्रतियोगिता

* अमरावती साइकिलिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पत्रकार परिषद में दी जानकारी
अमरावती/दि.16 – महिलाओं और बालिकाओं में साइक्लिगं के प्रति रुचि बढ़ाने तथा खेलों के माध्यम से स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अमरावती में पहली बार 2026 विमेन्स साइक्लिगं डिस्ट्रिक्ट लीग का आयोजन किया जा रहा है. यह जानकारी आयोजकों ने पत्रकार परिषद में दी.
यह प्रतियोगिता अमरावती साइक्लिगं एसोसिएशन के तत्वावधान में स्पोर्ट एथोरिटी ऑफ इंडिया, साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा अस्मिता खेलो इंडिया के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है. आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता 19 जून शुक्रवार को सुबह 6 बजे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक (इर्विन चौक), अमरावती से शुरू होगी. प्रतियोगिता में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है.
* तीन आयु वर्गों में होगा मुकाबला
महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है. जिसमें 14 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं 5 किलोमीटर, 17 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं 7 किलोमीटर और 19 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं 10 किलोमीटर की स्पर्धा रहेगी. प्रतियोगिता के विजेताओं को पदक प्रदान किए जाएंगे, जबकि सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा.
* हेलमेट अनिवार्य, आयु प्रमाणपत्र साथ लाना होगा
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रहेगा. साथ ही प्रतिभागियों को अपनी आयु का प्रमाणपत्र भी साथ लाना होगा.
* ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
पत्रकार परिषद में बताया गया कि यह प्रतियोगिता केवल पेशेवर साइक्लिस्टों के लिए नहीं, बल्कि नियमित साइक्लिगं करने वाली और प्रतिस्पर्धी साइक्लिगं में करियर बनाना चाहने वाली युवा खिलाड़ियों के लिए भी सुनहरा अवसर है. जिले के स्कूलों, कॉलेजों, खेल संगठनों तथा ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की गई है.
* फिटनेस के साथ आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का संदेश
आयोजकों ने कहा कि साइक्लिगं केवल फिटनेस का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, अनुशासन और सहनशक्ति विकसित करने का भी प्रभावी साधन है. स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए साइक्लिगं की थीम पर आयोजित यह लीग जिले की महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का नया मंच प्रदान करेगी. प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को अतुल कलमकर – 9372872247, लक्ष्मीकांत खंडागले – 9422680991, सचिन पारेख – 9960390960 से संपर्क करने कहा गया है. आयोजकों ने अमरावती जिले की अधिक से अधिक बालिकाओं और महिलाओं से इस प्रतियोगिता में भाग लेने तथा खेलों के माध्यम से सशक्तिकरण के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है. पत्रकार परिषद में अमरावती साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव अतुल कलमकर, पियुष क्षीरसागर और संजय मेंडसे उपस्थित थे.

Back to top button