मानसून की पहली बारिश में ही शहर में जलजमाव
गंदगी और मच्छरों का बढ़ा खतरा

अमरावती/दि.16 – मानसून की बारिश शुरू होते ही शहर के कई क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या सामने आने लगी है. पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों, प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्रों में पानी भर रहा है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही नालियों की सफाई न होने और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
शहर के कई इलाकों में नालियां गाद और कचरे से भरी हुई हैं. बारिश का पानी निकासी का रास्ता नहीं मिलने के कारण सड़कों पर जमा हो रहा है. कई स्थानों पर नालियां लबालब भर चुकी हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध फैल रही है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित सफाई और नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर वर्ष मानसून में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है.
* कांक्रीट सड़कों से भी बढ़ी परेशानी
शहर में कई प्रमुख मार्गों का कांक्रीटीकरण किया गया है, जिससे सड़कें पहले की तुलना में ऊंची हो गई हैं. लेकिन कई स्थानों पर पर्याप्त फुटपाथ और जल निकासी व्यवस्था नहीं बनाई गई है. परिणामस्वरूप बारिश का पानी सड़कों और आसपास की बस्तियों में जमा हो रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि उचित ड्रेनेज व्यवस्था के अभाव में जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.
* राजकमल चौक सहित कई क्षेत्रों में भरा पानी
मंगलवार, 16 जून को दोपहर में हुई बारिश के बाद राजकमल चौक की ऑटो गली सहित शहर के कई हिस्सों में जलजमाव देखा गया. कई मार्गों पर पानी भर जाने से यातायात भी प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में मूसलाधार बारिश हुई तो कई व्यावसायिक संकुलों और दुकानों में पानी घुसने की आशंका है, जिससे आर्थिक नुकसान हो सकता है.
* मच्छरों और बीमारियों का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जलजमाव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है. यदि समय रहते फॉगिंग, दवा छिड़काव और नालियों की सफाई नहीं की गई तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. नागरिकों का आरोप है कि कई क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ रही है.
* मनपा से कार्रवाई की मांग
नागरिकों और व्यापारियों ने अमरावती मनपा के स्वास्थ्य विभाग से तत्काल सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई कराने, कचरा उठाने और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान शहर के प्रत्येक प्रभाग में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाना चाहिए ताकि जलजमाव, गंदगी और बीमारियों की समस्या से राहत मिल सके. साथ ही प्रमुख सड़कों पर पानी जमा न हो, इसके लिए मनपा प्रशासन को ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है.





