सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से छेडछाड

आरोपी युवक पर मामला दर्ज, गाडगे नगर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती दि.17– एक नाबालिग युवती को सोशल मीडिया पर उसकी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राम तायडे (22) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
17 वर्षीय पीडित छात्रा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि उसकी पहचान स्नैपचैट के माध्यम से राम तायडे से हुई थी. घटना वाले दिन वह सुबह अपने ट्यूशन क्लास के लिए गई थी. उसी दौरान आरोपी उससे मिला और जन्मदिन की बात कहकर अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगा. आरोपी ने उसे धमकी दी कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो स्नैपचैट पर हुए संदेश और अन्य सामग्री उसके दोस्तों को दिखा देगा. डर के कारण वह आरोपी के वाहन पर बैठ गई. इसके बाद आरोपी उसे साईनगर क्षेत्र में ले गया. वहां एक कैफे पर आरोपी ने अपने मोबाइल फोन पर स्नैपचैट खोला, शिकायतकर्ता के फोटो और वीडियो रिकॉर्ड किए तथा बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करने की धमकी दी. शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साझा किया. आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि वीडियो को वायरल होने से कोई नहीं रोक सकता. इस घटना से शिकायतकर्ता को मानसिक आघात पहुंचा और उसे काफी शर्मिंदगी महसूस हुई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राम तायडे के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 75, 351 (2) और पोक्सो की धारा 8, 12 तथा सूचना तकनीकी ज्ञान अधिनियम की धारा 67 (ब) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button