नीट परीक्षा के प्रवेशपत्र को लेकर भ्रम बरकरार
18 लाख से अधिक छात्र इंतजार में

* सर्वर की तकनीकी दिक्कतों से बढ़ी परेशानी
* 21 जून को होगी पुनर्परीक्षा
मुंबई /दि.17- 21 जून को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा के प्रवेशपत्र डाउनलोड करने को लेकर देशभर के लाखों विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा परीक्षा शुल्क वापसी और प्रवेशपत्र डाउनलोड प्रक्रिया को एक साथ जोड़ दिए जाने से छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है. वहीं सर्वर में आई तकनीकी समस्याओं ने भी परेशानी को और बढ़ा दिया है.
देशभर में मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया के लिए पंजीकृत लगभग 22 लाख अभ्यर्थियों में से अब तक केवल करीब 4 लाख विद्यार्थियों ने ही अपने प्रवेशपत्र डाउनलोड किए हैं. जबकि 18 लाख 79 हजार 743 छात्र अभी भी प्रवेशपत्र प्राप्त होने का इंतजार कर रहे हैं. सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रवेशपत्र डाउनलोड करने का प्रयास किया, लेकिन बैंक खाते की जानकारी भरने के बाद भी प्रवेशपत्र डाउनलोड नहीं हो सके. इसके चलते छात्रों ने एनटीए की हेल्पलाइन पर संपर्क किया. बाद में एजेंसी की ओर से जानकारी दी गई कि सर्वर संबंधी समस्या का समाधान कर लिया गया है.
* फीस रिफंड के लिए खुलेगी करेक्शन विंडो
पेपर लीक विवाद के बाद एनटीए ने 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा को रद्द कर 21 जून को पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया था. साथ ही पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस करने की घोषणा की गई थी. इसके लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बैंक खाते की जानकारी मांगी गई थी. हालांकि जांच के दौरान कई अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज की गई बैंक संबंधी जानकारियों में त्रुटियां पाई गईं. इसलिए एनटीए अब बैंक खाता विवरण की दोबारा जांच और सुधार के लिए करेक्शन विंडो शुरू करने जा रही है. इस सुविधा का उपयोग पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ही किया जा सकेगा.
* कुछ परीक्षा केंद्रों में बदलाव
एजेंसी ने पुनर्परीक्षा के लिए अधिकांश अभ्यर्थियों के जिले पूर्ववत रखे हैं, लेकिन कुछ छात्रों के परीक्षा केंद्र बदले गए हैं. कई उम्मीदवारों को पहले की तुलना में शहर से बाहर स्थित कॉलेजों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं.
* छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी
मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया के समुपदेशक डॉ. परवेज नाइकवाडे ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों ने पहले ही बैंक विवरण दर्ज कर दिए हैं, फिर भी उन्हें दोबारा जानकारी की पुष्टि करने के लिए कहा जा रहा है. उनके अनुसार बैंक विवरण भरे और सत्यापित किए बिना प्रवेशपत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले प्रवेशपत्र डाउनलोड प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों ने लाखों अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ा दी है. अब सभी की नजर एनटीए की ओर से स्थिति पूरी तरह सामान्य होने पर टिकी हुई है.





