अमरावती विभाग में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

590 मामले दर्ज, 66 लाख रुपये का माल जब्त

अमरावती/दि.17 – पुणे जिले में मिथेनॉल मिश्रित जहरीली शराब से हुई दुर्घटना के बाद राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने अमरावती संभाग में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. 29 मई से 14 जून तक चली इस कार्रवाई में कुल 590 मामले दर्ज किए गए, 544 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 66.36 लाख रुपये का माल जब्त किया गया.
राज्य उत्पादन शुल्क आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख और सह आयुक्त प्रसाद सुर्वे के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. विभागीय उपायुक्त डॉ. पराग नवलकर के मार्गदर्शन में अमरावती, अकोला, यवतमाल, बुलढाणा और वाशिम जिलों के अधिकारियों तथा विभागीय उड़नदस्ते के दल ने संयुक्त कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान अमरावती जिले में सबसे अधिक 179 मामले दर्ज किए गए और 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं अकोला में 83, यवतमाल में 128, बुलढाणा में 110 तथा वाशिम में 51 मामले दर्ज किए गए. विभागीय उड़नदस्ता दल ने भी 39 मामलों में कार्रवाई की. पूरे अभियान में 1,196.9 बल्क लीटर देशी शराब, 10,361.06 बल्क लीटर हाथभट्टी शराब, 1,10,686 बल्क लीटर रसायन तथा 12 वाहन जब्त किए गए. अधिकारियों ने कई स्थानों पर अवैध शराब की भट्टियां भी नष्ट कीं.
डॉ. पराग नवलकर ने कहा कि अमरावती संभाग के पांचों जिलों में अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी अवैध धंधे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से अवैध शराब निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करने की अपील की. विभाग ने जानकारी देने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-9999, वॉट्सएप नंबर 8422001133 तथा आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से संपर्क करने का आग्रह किया है. विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

Back to top button