जिले के 7 मतदान केंद्रों पर मतपेटियां रवाना
मतदान केंद्राध्यक्ष और अधिकारी पहुंचे पुलिस बंदोबस्त में मतदान केंद्र

अमरावती/दि.17 – अमरावती स्थानीय प्राधिकारण निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद के चुनाव कल गुरुवार 18 जून को होने जा रहे हैं. जिले के 7 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से दोपहर 4 बजे तक मतदान होगा. धारणी, अचलपुर, मोर्शी, दर्यापुर, तिवसा-भातकुली, अमरावती और चांदूर रेल्वे ऐसे 7 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया पूर्ण होगी. प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक मतदान केंद्राध्यक्ष, तीन मतदान अधिकारी, एक निरीक्षक व एक पुलिस जवान तैनात रहेंगे. मतपेटियां आज सुबह नियोजन भवन से पुलिस बंदोबस्त में मतदान केंद्रों पर रवाना हो गई है.
इस चुनाव के लिए 7 मतदान केंद्रों पर कुल 42 अधिकारी और कर्मचारी नियुक्त किये गये है. मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न होने के लिए शहर व ग्रामीण पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई है. मतदान केंद्रों पर पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी तैनात किये गये है. कुल 451 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. धारणी, मोर्शी, दर्यापुर, अमरावती और चांदूर रेल्वे तहसील कार्यालय में मतदान केंद्र रखे गये है. इसी तरह अचलपुर के उपविभागीय अधिकारी कार्यालय की नई प्रशासकीय इमारत के सभागृह तथा कैम्प रोड अमरावती स्थित तिवसा-भातकुली के उपविभागीय कार्यालय में मतदान केंद्र रखा गया है.





