एसटी बस के किराये में बढोत्तरी एक माह रहेगी कायम
बढती महंगाई का यात्रियों पर बोझ

* 15 जुलाई तक किराया कायम
अमरावती/दि.18– आर्थिक संकट और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने यात्रियों को राहत देने के बजाय किराया वृद्धि की अवधि एक माह और बढ़ा दी है. अब एसटी बसों में लागू अतिरिक्त किराया 15 जुलाई की मध्यरात्रि तक जारी रहेगा.
गौरतलब है कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ी हुई यात्री संख्या से राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से 15 अप्रैल से किराए में अस्थायी वृद्धि लागू की गई थी. यह अवधि 15 जून को समाप्त हो गई थी, लेकिन डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए निगम ने इसे एक और महीने के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है. एसटी अधिकारियों के अनुसार डीजल की कीमतें वर्तमान में लगभग 97.83 रुपये से 99.50 रुपये प्रति लीटर के बीच हैं और भविष्य में इनके और बढ़ने की संभावना है. रोजाना हजारों लीटर डीजल की आवश्यकता होने से निगम पर लाखों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.
* यात्रियों को कितना देना होगा अतिरिक्त किराया?
बढ़े हुए किराए के तहत साधारण और मिडी बस सेवाओं में यात्रियों को अधिक किराया देना होगा. न्यूनतम किराया वयस्कों के लिए 14 रुपये तथा बच्चों के लिए 7 रुपये निर्धारित किया गया है. किराया वृद्धि का प्रभाव सभी श्रेणी के यात्रियों पर पड़ेगा.
* ग्रामीण और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा असर
अमरावती जिले सहित राज्य के हजारों यात्री प्रतिदिन एसटी बस सेवा पर निर्भर हैं. ऐसे में महंगाई की मार झेल रहे ग्रामीण, विद्यार्थी, नौकरीपेशा और मध्यम वर्गीय यात्रियों को अगले एक महीने तक अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ेगा. हालांकि निगम का कहना है कि यह फैसला उसकी वित्तीय स्थिति सुधारने और बढ़ते परिचालन खर्चों की भरपाई के लिए लिया गया है, लेकिन यात्रियों में इस निर्णय को लेकर नाराजगी दिखाई दे रही है. यात्रियों का मानना है कि लगातार बढ़ते किराए से आम लोगों की यात्रा और महंगी होती जा रही है. एसटी प्रशासन के अनुसार बढ़ा हुआ किराया 15 जुलाई की मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा.





