तुकाराम मुंढे की कार्रवाई का असर

अमरावती के इतवारा बाजार में खाद्य दुकानों के शटर गिरे

अमरावती/दि.18 – तुकाराम मुंढे के अन्न एवं औषधि प्रशासन आयुक्त का पदभार संभालने के बाद राज्यभर में खाद्य सुरक्षा को लेकर चल रही सख्त कार्रवाई का असर अब अमरावती में भी दिखाई देने लगा है. गुरुवार को शहर के प्रमुख इतवारा बाजार स्थित खाद्य पदार्थों की अधिकांश दुकानें अचानक बंद रहीं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में सन्नाटा छा गया.
जानकारी के अनुसार इतवारा बाजार में करीब 20 से 25 दुकानें हैं, जहां कच्चा चिवड़ा, नमकीन, मिठाइयां और अन्य खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री होती है. राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर प्रशासन द्वारा की जा रही जांच और कार्रवाई के बाद व्यापारियों में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों के शटर बंद रखे. बाजार में जहां रोजाना ग्राहकों की भीड़ रहती है, वहां गुरुवार को चहल-पहल काफी कम दिखाई दी.
* दुकानों से गायब हुई खुली मिठाइयां और खाद्य पदार्थ
प्रशासन की कार्रवाई के डर से कई दुकानों और होटलों में खुले खाद्य पदार्थों की बिक्री बंद कर दी गई है. शहर के विभिन्न इलाकों में पनीर, खुली मिठाइयां और अन्य बिना पैकिंग वाले खाद्य पदार्थ दुकानों से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है.
* मानसून में बढ़ती है खाद्य सुरक्षा की चिंता
मानसून के दौरान खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा अधिक रहता है. इसी कारण प्रशासन हर वर्ष नागरिकों से खुले खाद्य पदार्थों और अस्वच्छ स्थानों पर बिकने वाले खाद्य उत्पादों से बचने की अपील करता है. व्यापारियों का कहना है कि राज्यभर में चल रही जांच और कार्रवाई के चलते वे खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने में जुटे हैं. वहीं, उपभोक्ताओं का मानना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की सख्ती आवश्यक है. फिलहाल, तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई का असर अमरावती के खाद्य व्यवसाय पर साफ दिखाई दे रहा है और खुले खाद्य पदार्थ बेचने वाले व्यापारियों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है.

Back to top button